
इंदौर। इंदौर (Indore) के निजी अस्पताल (Private hospital) में इलाज के लिए भर्ती एक महिला (Woman) की मौत स्वाइन फ्लू (Swine flu) से होने की बात सामने आई है। महिला उज्जैन के ऋषि नगर में रहती थी और इलाज के लिए उसे उज्जैन से इंदौर लाया गया था। अस्पताल से लामा करवाकर परिजन उसे उज्जैन ले गए थे, जहां बुधवार को घर पर उसकी मौत हो गई।
महिला की मेडिकल जांच में एच1एन1 संक्रमण (H1N1 infection) पाया गया था। उसे सांस लेने में तकलीफ के साथ सर्दी-खांसी की शिकायत थी। पहले उसे उज्जैन के अवंती सुपर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वह छह दिन तक अस्पताल में भर्ती रही, लेकिन हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसे इंदौर के कोकिलाबेन अस्पताल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने करीब दो सप्ताह तक उसका इलाज किया। इसके बावजूद तबीयत में सुधार नहीं होने पर परिजनों ने लामा करवाकर उसे उज्जैन ले जाने का फैसला किया। घर पहुंचने के बाद उसकी मौत हो गई।
डॉक्टरों को स्वाइन फ्लू के संक्रमण की आशंका थी। इसके चलते नाक और गले से सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए थे। जांच में एच1एन1 संक्रमण की पुष्टि हुई। हालांकि, महिला की मौत स्वाइन फ्लू के कारण ही हुई, इसकी आधिकारिक पुष्टि स्वास्थ्य विभाग ने अभी नहीं की है।
इलाज के दौरान डॉक्टरों ने महिला की ट्रेवल हिस्ट्री भी पता की थी। परिजनों के अनुसार, महिला बाहर ज्यादा नहीं जाती थी और अधिकांश समय घर पर ही रहती थी। कभी-कभार वह पार्क जाती थी। 25 जुलाई के बाद उसे सर्दी-खांसी और जुकाम की शिकायत हुई थी, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हुआ।
वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने स्वाइन फ्लू से मौत की पुष्टि नहीं की है। मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव हासानी के अनुसार, बुधवार को किसी भी अस्पताल की ओर से स्वाइन फ्लू संक्रमित मरीज की जानकारी स्वास्थ्य विभाग को नहीं दी गई थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved