ढाका। बांग्लादेश में राष्ट्रपति पद के चुनाव में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) के वरिष्ठ नेता मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर (Mirza Fakhrul Islam Alamgir) ने जीत दर्ज की है। संसद में हुए चुनाव में आलमगीर को 255 वोट मिले, जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी ओली अहमद के खाते में 88 वोट आए। इसके साथ ही आलमगीर बांग्लादेश के 23वें राष्ट्रपति बनने जा रहे हैं।
राष्ट्रपति चुनाव में इस बार लंबे अंतराल के बाद सीधा मुकाबला देखने को मिला। चुनाव में जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटीजन पार्टी (NCP) के नेतृत्व वाले गठबंधन की ओर से ओली अहमद को उम्मीदवार बनाया गया था।
राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान गुरुवार को दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक हुआ। चुनाव प्रक्रिया की निगरानी मुख्य चुनाव आयुक्त एएमएम नासिर उद्दीन ने की।
कुल 349 सांसद राष्ट्रपति चुनाव में वोट डालने के पात्र थे, जिनमें से 343 ने मतदान किया। मतगणना के बाद मुख्य चुनाव आयुक्त ने मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर को विजेता घोषित किया।
बांग्लादेश में करीब 35 साल बाद राष्ट्रपति पद के लिए चुनावी मुकाबला देखने को मिला है। इस बार एक से ज्यादा उम्मीदवार मैदान में थे। इससे पहले संसदीय वोटिंग के जरिए राष्ट्रपति पद के लिए मुकाबला 1991 में हुआ था।
आलमगीर को पिछले सप्ताह BNP की ओर से राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया गया था। नामांकन मिलने के बाद उन्होंने पार्टी के महासचिव पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके साथ ही उन्होंने BNP की नेशनल स्टैंडिंग कमेटी से भी इस्तीफा दिया।
मिर्जा फखरुल इस्लाम आलमगीर बांग्लादेश की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय रहे हैं। राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार बनाए जाने से पहले वह BNP के महासचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
BNP लंबे समय तक विपक्ष में रहने के बाद सत्ता में पहुंची है। ऐसे में पार्टी के शीर्ष संगठनात्मक पद से राष्ट्रपति पद तक आलमगीर का पहुंचना उनके राजनीतिक करियर का बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
बांग्लादेश की राजनीतिक व्यवस्था में राष्ट्रपति का पद मुख्य रूप से संवैधानिक और औपचारिक माना जाता है। देश की कार्यकारी शक्तियां मुख्य रूप से प्रधानमंत्री और उनकी सरकार के पास रहती हैं।
ऐसे में आलमगीर के राष्ट्रपति बनने से BNP को राजनीतिक और संवैधानिक स्तर पर महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिलेगा, जबकि सरकार चलाने की वास्तविक कार्यकारी जिम्मेदारी प्रधानमंत्री के नेतृत्व में ही रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved