
पीपीपी मॉडल पर होगा काम, निगम ने जारी किए टेंडर , यातायात अधिक होने के चलते पैदल पुल की हो रही थी मांग
इन्दौर। नगर निगम (Municipal council) द्वारा आने वाले दिनों में आरएनटी मार्ग (RNT Marg) से लकर ओल्ड जीडीसी (Old GDC) और अन्य स्थानों पर पीपीपी मॉडल (PPP model) पर पैदल पुलों (Pedestrian bridges) का निर्माण कराया जाएगा। बदले में पैदल पुल बनाने वाली कंपनी अपने विज्ञापन बोर्ड वहां लगा सकेगी। इससे पहले भी निगम द्वारा पांच से छह स्थानों पर पैदल पुल बनाए गए हैं।
शहर के कई इलाकों में सडक़ों पर वाहनों का दबाव अधिक रहने के चलते उन स्थानों पर सडक़ पार करने के लिए लोगों को दिक्कतें आती हैं और कई क्षेत्रों में पैदल पुल बनाए जाने की मांग होती रही। ओल्ड जीडीसी मोती तबेला में भी पैदल पुल नहीं होने के कारण बड़ी संख्या में मालव कन्या स्कूल और जीडीसी आने वाली छात्राओं को सडक़ पार करने में परेशानी आती है, क्योंकि उक्त मार्ग पर भी सडक़ के दोनों ओर यातायात का दबाव काफी रहता है। ऐसे में कुछ छात्राएं पूर्व में वाहनों से टकराकर दुर्घटना का शिकार हो चुकी हैं। इसी प्रकार आरएनटी मार्ग पर भी डिवाइडरों के कारण कई पैदल यात्री एक ओर से दूसरी ओर नहीं जा पाते थे। वहां भी पैदल पुल बनाए जाने की तैयारी है। नगर निगम अधिकारियों के मुताबिक शहर में चार स्थानों पर पैदल पुल बनाने की तैयारी है, जिनमें अभिनव नगर, तीन इमली और पवनपुरी कालोनी शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक इसके लिए टेंडर की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और जल्द ही एजेंसी फाइनल कर काम शुरू कराया जाएगा। यह कार्य पीपीपी मॉडल के तहत होगा और पैदल पुल बनाने वाली एजेंसी निगम द्वारा निर्धारित क्षेत्रफल में पुल के हिस्सों में विज्ञापन बोर्ड लगा सकेगी। निगम अधिकारियों द्वारा इससे पहले शहरभर में 6 पैदल पुल बनाए गए हैं। इनमें कलेक्टोरेट, 56 दुकान, एमजी रोड और तीन अन्य स्थान शामिल हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved