
मौसम साफ होने के बाद 2 घंटे देर से इंदौर पहुंचा विमान, यात्री हुए परेशान
इन्दौर। इंदौर (Indore) में आज सुबह मौसम (Season) ने करवट बदली और अचानक कुछ समय के लिए घना कोहरा (Dense fog) देखने को मिला। इसके कारण आज सुबह पुणे (Pune) से आने वाले विमान (flight) को डायवर्ट कर भोपाल (Bhopal) भेजना पड़ा। मौसम साफ होने पर 2 घंटे बाद यह विमान इंदौर पहुंचा। इस दौरान आने और जाने वाले यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो (IndiGo) एयरलाइंस की फ्लाइट (6ई-284/701) सुबह 6.40 बजे पुणे से इंदौर आकर 7.20 बजे बेंगलुरु जाती है। आज भी यह विमान तय समय पर इंदौर पहुंचा, लेकिन इस समय इंदौर में घना कोहरा छाया था। कोहरा इतना घर था कि आमतौर पर 5 से 6 हजार मीटर तक रहने वाली दृश्यता घटकर 1 हजार मीटर पर आ गई थी। दृश्यता कम होने से पायलट ने विमान को डाइवर्ट कर नजदीकी भोपाल एयरपोर्ट पर ले जाने का फैसला लिया। इसके बाद 173 यात्रियों के साथ यह विमान भोपाल पहुंचा। इधर, इंदौर में मौसम साफ होने के बाद विमान को वापस आने की सूचना दी गई, जिस पर यह विमान 8.40 बजे भोपाल से इंदौर पहुंचा। इंदौर आने पर यात्रियों ने राहत की सांस ली। इसके बाद यह विमान 9.15 बजे यात्रियों को लेकर बेंगलुरु के लिए रवाना हुआ। इस दौरान पुणे से आने वाले यात्री भोपाल में और बेंगलुरु जाने वाले यात्री इंदौर एयरपोर्ट पर परेशान होते रहे। खास बात यह है कि कोहरे का असर कुछ ही देर रहा और इस फ्लाइट के पहले और बाद में आने वाली सभी फ्लाइट सामान्य रूप से संचालित हुई।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved