
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रविवार को कहा कि भारत में 80 फीसदी लोग मांसाहारी हैं और भारतीय मांसाहारी खाना स्वादिष्ट होता है। उनकी यह टिप्पणी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के रात्रिभोज में पूरी तरह शाकाहारी भोजन परोसे जाने के एक दिन बाद आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को भारत मंडपम में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल नेताओं और प्रतिनिधियों के लिए रात्रिभोज का आयोजन किया था।
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स, फेसबुक और इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में लिखा, “रिकॉर्ड के लिए: 80% भारतीय मांसाहारी हैं। भारतीय मांसाहारी खाना स्वादिष्ट होता है। मेरी बहन के छोले भटूरे भी।” उन्होंने खाने की मेज पर रखे छोले भटूरे की एक तस्वीर भी पोस्ट की।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की यह टिप्पणी ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के रात्रिभोज के एक दिन बाद आई। रात्रिभोज में कई तरह के व्यंजनों वाला पूरी तरह शाकाहारी मेन्यू परोसा गया था। शुरुआती व्यंजनों में ‘खांडवी मिले’ और ‘खुंब गलौटी’ शामिल थे। खांडवी मिले बेसन से बनी भाप में पकाई गई खांडवी थी, जबकि खुंब गलौटी पैन पर सेंके गए मशरूम कबाब थे, जिन्हें पुदीने की पत्तियों के साथ परोसा गया।
मुख्य भोजन में ‘पनीर लबाबदार’, ‘गुच्छी मार्मिक’ और ‘कैरेट बीन पोरियाल’ शामिल थे। गुच्छी मार्मिक में हिमालयी गुच्छी मशरूम और नरम शतावरी शामिल थी। मेन्यू में ‘थक्काली बेले सारू’ यानी हल्का दाल का शोरबा, मिलेट पुलाव, चुकंदर का रायता और अलग-अलग तरह की भारतीय ब्रेड भी शामिल थीं। मिठाई में ‘ओल्ड दिल्ली फ्रूट क्रीम विद जलेबी’ और ‘शाहतूत फिरनी’ परोसी गई। ब्रिक्स के सदस्य देशों के साथ-साथ मुख्य रूप से भारत के 100 से अधिक कलाकारों के समूह की प्रस्तुति के बीच विशिष्ट अतिथियों के लिए यह रात्रिभोज परोसा गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved