
पन्ना। पन्ना जिले के बृजपुर थाना क्षेत्र में सामने आए अंधे हत्याकांड का पुलिस ने महज 48 घंटे के अंदर खुलासा कर दिया है। ग्राम मनकी निवासी युवक संदीप गोंड की पत्थरों से कुचलकर हत्या की गई थी। वारदात के बाद आरोपी ने शव को जंगल में पत्थरों के बीच छिपाने की कोशिश की। पुलिस की जांच में सामने आया कि इंस्टाग्राम और मोबाइल के जरिए हुई दोस्ती इस हत्या की अहम वजह बनी। मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग बालिका को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
हत्या के एंगल से पुलिस ने की थी शुरू जांच
दरअसल, ग्राम मनकी निवासी माया गोंड ने 10 सितंबर को बृजपुर थाने में अपने बेटे संदीप गोंड की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिजनों के मुताबिक संदीप 9 सितंबर को मोटरसाइकिल लेकर गांव गया था, लेकिन इसके बाद वह वापस घर नहीं लौटा। काफी तलाश के बाद भी उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की।
मोबाइल लोकेशन और इंस्टाग्राम अकाउंट से हुआ हत्या का खुलासा
पुलिस टीम ने मोबाइल और अन्य माध्यमों से युवक के संपर्कों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान जांच में सामने आया कि संदीप की दूसरे गांव की एक लड़की से इंस्टाग्राम और मोबाइल के जरिए दोस्ती थी। पुलिस के मुताबिक, लड़की के मामा को दोनों के बीच बातचीत की जानकारी हो गई थी। उसने संदीप को लड़की से बातचीत नहीं करने की हिदायत भी दी थी। इसी एंगल को आधार बनाकर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई। 12 सितंबर को लुहराई-सितधारा रोड से कुछ दूरी पर जंगल में पुलिस को दो बड़े पत्थरों के बीच संदीप का शव बरामद हुआ। शव के ऊपर भी पत्थर रखे हुए मिले, जिससे हत्या के बाद शव को छिपाने की कोशिश की आशंका सामने आई।
संदिग्धों से पूछताछ के बाद हुआ खुलासा
इसके बाद पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ शुरू की और कड़ियों को जोड़ते हुए एक आरोपी तक पहुंची। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, वहीं मामले से जुड़ी एक नाबालिग बालिका को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस ने हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज करके आरोपियों को न्यायालय में पेश किया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved