पुंछ। जम्मू-कश्मीर (J&K) के सीमावर्ती पुंछ जिले में पुलिस ने मुख्य बाजार की एक ज्वेलरी शॉप (Jewelry Shop) से AK-47 राइफल के कारतूस, पाकिस्तानी मुद्रा, पोस्टर (Pakistani currency, poster) और झंडे बरामद किए हैं। खुफिया इनपुट के आधार पर की गई कार्रवाई के बाद पुलिस ने पूछताछ के लिए कुछ संदिग्धों को हिरासत में लिया है। मामले की जांच यह पता लगाने के लिए की जा रही है कि यह सामग्री दुकान तक कैसे पहुंची और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार शुक्रवार रात करीब 8 बजे मुख्य बाजार की अकाली गुरुद्वारा गली स्थित ज्वेलरी शॉप पर छापेमारी की गई। कार्रवाई के दौरान फोरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम और मजिस्ट्रेट के तौर पर नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे।
पुलिस ने बताया कि दुकान मोहल्ला खोड़ीनाड निवासी देविंद्र सिंह की है। दुकान में करीब रात 10 बजे तक तलाशी अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को AK-47 के पांच कारतूस, 105 रुपये की पाकिस्तानी मुद्रा, 30 पाकिस्तानी पोस्टर और दो पाकिस्तानी झंडे मिले।
पुलिस ने बरामद सामग्री को कब्जे में लेकर पुंछ थाने में एफआईआर दर्ज कर ली है।
मामले की जांच पुंछ के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक की निगरानी में की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कड़ी सुरक्षा वाले मुख्य बाजार में स्थित दुकान तक हथियारों के कारतूस और पाकिस्तानी सामग्री कैसे पहुंची।
पुलिस हिरासत में लिए गए संदिग्धों से पूछताछ कर रही है और बरामद सामग्री के स्रोत तथा संभावित संपर्कों की जानकारी जुटाई जा रही है।
जांच में यह पहलू भी सामने आया है कि जिस दुकान से सामग्री बरामद की गई, उसके मालिक का पूर्व में किसी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि से जुड़ा रिकॉर्ड सामने नहीं आया है। इसी वजह से पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ा रही है।
फिलहाल पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि बरामद सामग्री वहां किसी साजिश के तहत रखी गई थी या इसके पीछे किसी संगठित नेटवर्क की भूमिका है। इस संबंध में पुलिस की जांच और संदिग्धों से पूछताछ जारी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved