
चार्जशीट के अनुसार, केतन को लोहागढ़ किले पर बुलाने के लिए ‘माही’ नाम से एक फर्जी अकाउंट बनाया गया था। इसमें एक परिचित लड़की की तस्वीर का इस्तेमाल किया गया। 18 जून को इसी अकाउंट से केतन को संदेश भेजकर सिया का जन्मदिन लोहागढ़ में मनाने और उसे सरप्राइज देने की बात कही गई।
संदेश में खुद को सिया की खास सहेली माही बताते हुए केतन को सिया के साथ किले पर आने के लिए कहा गया था। पुलिस के मुताबिक, केतन ने इस संदेश को वास्तविक माना और सिया के साथ लोहागढ़ पहुंच गया। आरोप है कि उसे इस बात की जानकारी नहीं थी कि उसे हत्या की साजिश के तहत वहां बुलाया गया है।
पुलिस के अनुसार, चेतन चौधरी पहले ही किले के रास्ते से ऊपर पहुंच चुका था और मंदिर के पास इंतजार कर रहा था। केतन और सिया के वहां पहुंचने के बाद सिया ने कथित तौर पर चेतन को इशारा किया। इसके बाद खाई के किनारे खड़े केतन को पीछे से धक्का दिया गया और वह गहरी खाई में गिर गया। वारदात के बाद ‘माही’ नाम का फर्जी अकाउंट डिलीट कर दिया गया।
जांच में यह भी सामने आने की बात कही गई है कि हत्या की योजना मार्च 2026 से बनाई जा रही थी। शुरुआत में केतन को जान से मारने के बजाय उसे स्थायी रूप से अपाहिज करने की योजना होने का दावा किया गया है। इसके लिए दूसरे राज्यों के कुछ लोगों से संपर्क किए जाने की बात भी चार्जशीट में सामने आई है। इनमें से एक व्यक्ति बाद में पुलिस जांच में गवाह बना।
बाहर से हत्या कराने की योजना आगे नहीं बढ़ी तो मई में आरोपियों ने कथित तौर पर खुद हत्या करने का फैसला किया। चार्जशीट के मुताबिक, पुलिस से बचने और सबूतों से बचाव के तरीकों को लेकर ऑनलाइन जानकारी जुटाई गई। इसमें चैटजीपीटी जैसे एआई टूल के इस्तेमाल, अपराध से जुड़े पॉडकास्ट सुनने और मर्डर फिल्मों को देखने का भी उल्लेख है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने अलग-अलग पहाड़ी इलाकों की रेकी की। लोनावला के टाइगर पॉइंट समेत कई स्थानों को देखा गया, लेकिन वहां सीसीटीवी कैमरों की मौजूदगी के कारण लोहागढ़ को चुना गया। जांच में मार्च 2025 में इसी इलाके में एक युवती की गिरकर हुई मौत से जुड़ी जानकारी जुटाने का भी उल्लेख है। आरोप था कि बाद में केतन की मौत को सेल्फी लेते समय पैर फिसलने की घटना बताया जा सकता था।
चार्जशीट में केतन की बाली यात्रा रद्द होने की घटना को भी साजिश से जोड़ा गया है। 6 जून को केतन और सिया को प्री-वेडिंग शूट के लिए बाली जाना था। इससे पहले 4 जून को लोहागढ़ ले जाकर हत्या की कोशिश नाकाम होने की बात सामने आई। इसके बाद 6 जून को यात्रा के दौरान खालापुर के एक कैफे के वॉशरूम में केतन का पासपोर्ट नष्ट किए जाने का आरोप है। पासपोर्ट नष्ट होने से बाली यात्रा रद्द हो गई और बाद में लोहागढ़ में हत्या की योजना को अंजाम दिया गया।
जांच में संदेशों, तस्वीरों, मोबाइल डेटा, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, गवाहों के बयान और तकनीकी विश्लेषण से जुड़े दस्तावेजों सहित कई साक्ष्यों को चार्जशीट का हिस्सा बनाए जाने की बात कही गई है। पुलिस ने सिया, चेतन चौधरी और रितेश हांगे को मामले में आरोपी बनाया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved