
प्रयागराज: ट्रेन में टिकट जांच के दौरान टीटीई और एक लड़की (जो ट्रेन में यात्रा कर रही थी) के बीच विवाद के वीडियो ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है. दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस के एसी टू-टियर कोच में टिकट मांगने पर यात्रा कर रही लड़की कथित तौर पर इस कदर भड़क गई कि उसने अपने ही कपड़े फाड़ लिए और टीटीई पर गंभीर आरोप लगाने की धमकी देने लगी. संयोग से पूरे घटनाक्रम का वीडियो रिकॉर्ड हो गया.
यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है. मामला 17 सितंबर 2026 का बताया जा रहा है. जानकारी के मुताबिक 12792 दानापुर-सिकंदराबाद एक्सप्रेस में एक लड़की दानापुर से प्रयागराज की ओर यात्रा कर रही थी. एसी द्वितीय श्रेणी के कोच में टिकट जांच के दौरान ऑन-ड्यूटी टीटीई ने उससे टिकट दिखाने को कहा.
लड़की के पास टिकट नहीं होने पर टीटीई ने नियमानुसार टिकट बनाने और जुर्माना देने की बात कही. इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई. वायरल वीडियो में लड़की टीटीई को अपने भाई का नाम लेकर धौंस देती दिखाई दे रही है. वह कथित तौर पर कहती है कि उसका भाई भी टीटीई है और उसे इसका अंजाम भुगतना पड़ेगा.
वायरल वीडियो में युवती टीटीई को अपने भाई का नाम लेकर धमकाती नजर आती है. बातचीत के दौरान वह कहती है, “रुक, अपने भैया को कॉल लगाती हूं… मुन्ना तिवारी को. तुम नहीं जानते हो मेरे भाई को… तुमसे बड़े टीटी हैं. मैं उनका नाम खराब नहीं करना चाहती.” इसके बाद टीटीई कहता है कि तुम्हारे भाई का नाम मुन्ना तिवारी है. लड़की कहती है हां. इसके बाद टीटीई लड़की से उसका नाम पूछता है. लड़की अपना नाम राधिका तिवारी बताती है. इसके बाद टीटीई उससे गोत्र पूछता है. इस पर लड़की कहती है पंडित हैं हम लोग.
वीडियो में इसके बाद विवाद और बढ़ता दिखाई देता है. विवाद बढ़ने के दौरान लड़की ने अचानक अपने कपड़े खींचकर फाड़ने शुरू कर दिए. इसके बाद वह टीटीई पर आरोप लगाने की बात करती दिखाई देती है और घरवालों को फोन करने लगती है. वायरल वीडियो में लड़की यह कहते हुए भी सुनाई देती है कि टीटीई उसके साथ गलत कर रहा है और वह 112 पर फोन करेगी.
इसी दौरान पूरे घटनाक्रम को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया जाता रहा. वीडियो में लड़की को खुद कपड़े फाड़ते हुए देखा जा सकता है. यही रिकॉर्डिंग इस पूरे मामले में सबसे अहम कड़ी बन गई. घटना के दौरान टीटीई ने भी कथित तौर पर अपना कैमरा चालू कर लिया था. वहीं, एक सहयात्री ने भी घटनाक्रम का वीडियो बना लिया. इस वजह से बाद में विवाद की परिस्थितियों को समझने के लिए वीडियो फुटेज मौजूद रहा.
ट्रेन जब पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन पहुंची तो मामले की सूचना रेलवे सुरक्षा बल (RPF) को दी गई. RPF ने महिला को ट्रेन से उतारकर मामले को संभाला. यहां भी लड़की ने जमकर हंगामा किया और टीटीई और पुलिसकर्मियों का वीडियो बनाने लगी. RPF इंस्पेक्टर अनीता कुमारी ने बताया कि लड़की ने ट्रेन में हंगामा किया था और उस पर 1000 रुपये का जुर्माना लगाया गया.
ट्रेन में सीट, टिकट और दूसरे यात्रियों से विवाद के वीडियो पहले भी सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा किया है कि मामूली विवाद किस तरह देखते ही देखते गंभीर आरोप-प्रत्यारोप में बदल सकता है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद लोग इस पूरे विवाद को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved