अमरोहा। उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले (Amroha district) के हसनपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक फार्म हाउस (Farmhouse) में 23 वर्षीय युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म (Gang rape) का मामला सामने आया है। पीड़िता की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में दो सीआरपीएफ कर्मी और हसनपुर थाने में तैनात यूपी पुलिस के दो पुलिसकर्मी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, सभी आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, घटना 22 और 23 सितंबर 2026 की दरम्यानी रात की है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर हसनपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब पीड़िता के बयान, घटनास्थल से जुड़े साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
अमरोहा के एसपी लखन सिंह यादव के अनुसार, पीड़िता पहले से सीआरपीएफ के हेड कॉन्स्टेबल विक्की उर्फ मोहित और इंस्पेक्टर लालाराम यादव को जानती थी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, युवती की मुलाकात मोहित से हरियाणा के सोनीपत में हुई थी। पुलिस का कहना है कि 22 सितंबर को युवती मोहित और लालाराम यादव के साथ अमरोहा के हसनपुर इलाके में पहुंची थी।
यहां मोहित की मुलाकात अपने पुराने परिचित और हसनपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संजय तोमर से हुई। इसके बाद सभी लोग झुलपुरी स्थित एक फार्म हाउस पहुंचे, जहां रुकने के लिए दो कमरे किराये पर लिए गए थे। पुलिस के अनुसार, कुछ समय बाद हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद भी खाना लेकर फार्म हाउस पहुंचा।
पीड़िता ने पुलिस को दी शिकायत में चारों पर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाया है। पुलिस के मुताबिक, सूचना मिलने पर टीम मौके पर पहुंची और सबसे पहले महिला को सुरक्षित किया गया। इसके बाद उसकी शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सीआरपीएफ हेड कॉन्स्टेबल विक्की उर्फ मोहित, सीआरपीएफ इंस्पेक्टर लालाराम यादव, हसनपुर थाने में तैनात सब इंस्पेक्टर संजय तोमर और हेड कॉन्स्टेबल प्रमोद के रूप में हुई है।
मोहित की तैनाती सीआरपीएफ की पांचवीं बटालियन दिल्ली में बताई गई है। वहीं, लालाराम यादव 156वीं बटालियन न्यू बोंगाईगांव, असम में इंस्पेक्टर के पद पर तैनात हैं। संजय तोमर हसनपुर थाने में सब इंस्पेक्टर और प्रमोद पुलिस लाइन में तैनात बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पीड़िता और दोनों सीआरपीएफ कर्मियों की पहले से जान-पहचान थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि युवती को धार्मिक स्थल ले जाने के बहाने बुलाए जाने और रास्ते में उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का आरोप लगाया गया है। पुलिस के अनुसार, दोनों सीआरपीएफ कर्मी युवती को मुजफ्फरनगर से लेकर अमरोहा आए थे।
एसपी लखन सिंह यादव ने कहा कि मामले की जांच जारी है और जांच में जिस आरोपी की जो भूमिका सामने आएगी, उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। सभी आरोपियों को अदालत में रिमांड के लिए पेश किया जा रहा है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved