नई दिल्ली। रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल 2’ की शुरुआत होते ही काफी हंगामा देखने को मिल रहा है। शो के एक प्रोमो में बहस के दौरान कंटेस्टेंट सिवेत तोमर (Sivet Tomar) ने शहजाद पूनावाला (Shehzad Poonawalla) को जमीन पर पटक दिया और हाथापाई करते दिखे। बीच-बचाव के लिए स्वरा भास्कर (Swara Bhasker) भी दौड़ीं। वीरेंद्र सहवाग द्वारा होस्ट किए जा रहे इस शो के वीडियो वायरल होने के बाद आम आदमी पार्टी ने भी चुटकी ली है। आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने कहा कि शहजाद की हरकतें ही ऐसी हैं।
आम आदमी पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने एक्स पर अपने एक पोस्ट में कहा कि लोगों को इस बात की भी परवाह नहीं होती कि किसी को पीटने पर उन्हें अयोग्य ठहराया जा सकता है। वे बस ऐसा कर ही बैठते हैं। शहजाद पूनावाला की हरकतें ही कुछ ऐसी हैं, चाहे वह भाजपा दफ्तर में हों या टीवी पर…
लोग इस बात की परवाह भी नहीं करते की पीटने पर disqualify हो सकते हैं, बस पीट देते हैं। शहज़ाद की हरकतें ही ऐसी हैं। चाहे भाजपा दफ़्तर के अंदर या TV पर। pic.twitter.com/y9dawR6hFG
पिछले महीने छोड़ दी थी भाजपा
बता दें कि पिछले महीने शहजाद पूनावाला ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर अपने इस्तीफे का पत्र पोस्ट किया था। इस लेटर में लिखा था कि उन्होंने व्यक्तिगत और आर्थिक परिस्थितियों के कारण भाजपा में सभी पदों और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से बिना किसी शर्त के इस्तीफा दिया है। उन्होंने यह भी कहा था कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से इस्तीफा तुरंत स्वीकार नहीं करने और फैसले पर पुनर्विचार करने के सुझाव पर वह काफी भावुक हैं।
लेटर में निजी क्षेत्र में काम करने के दिए थे संकेत
शहजाद पूनावाला ने 31 जुलाई को ही ‘एक्स’ पर अपना ‘बायो अपडेट’ किया था। इसमें भाजपा का कोई जिक्र नहीं था। तब से ही उनके भाजपा छोड़ने की अटकलें लगने लगी थीं। उन्होंने कहा था कि आपात आर्थिक और व्यक्तिगत परिस्थितियों के कारण वह निजी क्षेत्र में काम करेंगे। उन्होंने साफ कर दिया था कि वह व्यवस्था से अलग हो रहे हैं विचार से नहीं। वह प्रधानमंत्री मोदी और भाजपा के कार्यों का समर्थन करते रहेंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved