
जबलपुर। तमिल संघम जबलपुर के सामाजिक प्रतिनिधिमंडल ने भाजपा पंडित अटल बिहारी वाजपेयी मंडल अध्यक्ष आशीष राव के मार्गदर्शन में सांसद आशीष दुबे से सौजन्य भेंट की। इस दौरान तमिल समाज से जुड़े सामाजिक, सांस्कृतिक एवं विकासात्मक विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि जबलपुर में लंबे समय से तमिल समाज के लोग विभिन्न क्षेत्रों में सक्रिय रहते हुए शहर के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन में योगदान दे रहे हैं।
दक्षिण भारत और जबलपुर के बीच बेहतर आवागमन की सुविधा मिलने से सामाजिक, पारिवारिक, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संपर्क और अधिक मजबूत हो सकते हैं। तमिल संघम के अध्यक्ष पुष्पराज पिल्लई ने जबलपुर से चेन्नई के लिए सीधी ट्रेन सेवा प्रारंभ करने की रखी। उन्होंने कहा कि जबलपुर का दक्षिण भारत से सामाजिक एवं सांस्कृतिक जुड़ाव काफी महत्वपूर्ण है। चेन्नई सहित दक्षिण भारत के अन्य क्षेत्रों तक सीधी रेल सुविधा उपलब्ध होने से जबलपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को काफी सुविधा मिल सकती है। प्रतिनिधिमंडल ने सांसद से आग्रह किया कि जबलपुर से चेन्नई के लिए सीधी ट्रेन प्रारंभ कराने के लिए रेलवे मंत्रालय और रेलवे बोर्ड के समक्ष प्रभावी ढंग से मांग रखी जाए। संघम का कहना है कि सीधी रेल सेवा शुरू होने से तमिल समाज के साथ दक्षिण भारत की यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को भी लाभ मिलेगा। बैठक में तमिल संघम के संस्थापक सदस्य राजेश पिल्लई, राकेश स्वामी, ए. दशरथ पिल्लई, राजाराम पिल्लई, आर. रमेश पिल्लई, पुष्पराज पिल्लई, सचिव शेखर पिल्लई, राकेश पिल्लई, जगन पिल्लई, राजकुमार स्वामी, अशोक स्वामी आदि उपस्थित रहे।
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा का आश्वासन
तमिल संघम की इस प्रमुख मांग पर सांसद आशीष दुबे ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि वे इस विषय में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से चर्चा करेंगे। उन्होंने कहा कि आगामी रेलवे बोर्ड की बैठक में भी इस मांग को रखा जाएगा और इसे स्वीकृत कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved