
इन्दौर। दोस्त के साथ घूमने के लिए निकले एमबीए छात्र की बाइक डिवाइडर से जा टकराई। हादसे में युवक की मौत हो गई, जबकि उसका साथी घायल हो गया। 21 साल के प्रणव पिता नंदकिशोर निवासी रोबोट चौराहे की सड़क हादसे में मौत हो गई। प्रणव मूल रूप से नसरुल्लागंज का रहने वाला था। वह यहां भाई अमन के साथ रहकर डीएवीवी से एमबीए की पढ़ाई कर रहा था। भाई अमन ने बताया कि कल 2 अक्टूबर की छुट्टी होने के चलते प्रणव सुबह दोस्त के साथ सिमरोल इलाके में घूमने के लिए निकला।
बताया जा रहा है कि चोखी ढाणी के आसपास उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और दोनों सड़क पर गिर गए। प्रणव और उसके दोस्त को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां प्रणव की मौत हो गई, जबकि उसके साथी का इलाज चल रहा है। प्रणव के परिजन का कहना है कि उन्हें घटना के दो घंटे बाद जानकारी दी गई। एमवाय अस्पातल में प्रणव को समय पर इलाज नहीं मिला, नहीं तो उसकी जान बच जाती। सिमरोल पुलिस घटना को लेकर जांच कर रही है। इस तरह के हादसों में समय पर इलाज नहीं मिलने से कई घरों की खुशियां छिन चुकी हंै।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved