
नई दिल्ली । बीजेपी के राष्ट्रीय महासचिव और खरगोन-बड़वानी लोकसभा सांसद गजेंद्र सिंह पटेल (Gajendra Singh Patel) ने हिंदू युवाओं (Hindu youth) से शादी करने और पांच बच्चे पैदा (Five children born) करने की अपील की है. उन्होंने दावा किया कि अब चार बच्चों में एक हिंदू समुदाय से और तीन दूसरे समुदाय से होते हैं. उनके इस बयान में दूसरे समुदाय से उनका इशारा मुस्लिमों की ओर माना जा रहा है.शुक्रवार देर रात एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि वह इस तरह की बात कहने से डरते नहीं हैं, क्योंकि वह ‘सनातनी’ हैं.
पटेल ने जन्म दर का जिक्र करते हुए कहा कि एक समुदाय की जन्म दर 1.9 प्रतिशत है, जबकि दूसरे समुदाय की जन्म दर 2.9 प्रतिशत है. उन्होंने दावा किया कि 1947 से 1967 के बीच स्थिति अलग थी. उनके मुताबिक, आजादी के बाद और 2011 की जनगणना के बाद एक समुदाय की आबादी का ग्राफ नीचे गया, जबकि दूसरे समुदाय की आबादी बढ़ी है.
पटेल ने युवाओं से मौजूदा हालात को समझने की अपील की. उन्होंने कहा कि 1947 से 1967 के बीच पैदा हुई पीढ़ी में आमतौर पर परिवार बड़े होते थे. पहले लोग चार, पांच, छह या सात बच्चे तक पैदा करते थे.उन्होंने कहा कि पहले लोग 20, 21 या 22 साल की उम्र में शादी कर लेते थे. अब लोग 30, 35 या 37 साल की उम्र में शादी करते हैं और केवल एक बच्चा पैदा करते हैं. पटेल ने कहा कि इसी वजह से ‘सनातनियों’ की जन्म दर 1.9 है. उन्होंने युवाओं से शादी करने और पांच बच्चे पैदा करने की अपील की.
समाज और परिवार को मजबूत करने पर जोर
पटेल ने समाज और परिवार को मजबूत करने के लिए जिम और पारंपरिक कुश्ती के अखाड़ों को बढ़ावा देने की जरूरत भी बताई. उन्होंने कहा कि भले ही इलाके का प्रतिनिधित्व कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई करते हैं, लेकिन देश में मुश्किल समय आने पर ‘सनातनी’ एक-दूसरे की मदद करेंगे, न कि कांग्रेस या बीजेपी. मां दुर्गा की भक्ति के साथ ताकत की जरूरत पर बात करते हुए पटेल ने हथियार रखने पर भी जोर दिया.
नशे और दिखावे पर जताई चिंता
पटेल ने युवाओं में बढ़ते नशे और दिखावे के चलन पर भी चिंता जताई. उन्होंने अपने ‘3D’ अभियान का जिक्र करते हुए कहा कि समाज को DJ, ड्रग्स और दहेज की गंभीरता को समझना चाहिए. उन्होंने दावा किया कि DJ पर डांस करने वाले करीब 100 प्रतिशत युवा ‘सनातनी’ हैं और उनमें से 60 प्रतिशत नशे के प्रभाव में डांस करते हैं. पटेल ने लोगों से इन चलन को समझने और समाज को मजबूत करने की दिशा में काम करने की अपील की.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved