नई दिल्ली। बेहतर खानपान, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद (Diet, regular exercise, adequate sleep) और स्वस्थ जीवनशैली को लंबी उम्र का आधार माना जाता है। लेकिन किसी देश में लोगों की औसत उम्र कितनी है और वे कितने साल स्वस्थ जीवन जी पाते हैं, इसकी तस्वीर विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के आंकड़ों से सामने आती है। WHO के वैश्विक स्वास्थ्य अनुमानों के अनुसार, वर्ष 2023 में भारत में जन्म के समय जीवन प्रत्याशा 71 वर्ष थी। यह पाकिस्तान के 68.2 वर्ष से अधिक, लेकिन बांग्लादेश के 72.7 वर्ष से कम थी। वहीं, अमेरिका में यह 78.5 वर्ष और कनाडा में 81.4 वर्ष दर्ज की गई।
इन आंकड़ों से साफ है कि जीवन प्रत्याशा के मामले में भारत पाकिस्तान से आगे है, लेकिन बांग्लादेश समेत कई देशों से पीछे है। हालांकि, लंबी उम्र का अर्थ हमेशा स्वस्थ जीवन के अधिक वर्ष होना नहीं है। इसके लिए हेल्दी लाइफ एक्सपेक्टेंसी यानी स्वस्थ जीवन प्रत्याशा के आंकड़े भी महत्वपूर्ण हैं।
WHO के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, भारत में वर्ष 2023 में स्वस्थ जीवन प्रत्याशा 60 वर्ष रही। वर्ष 2019 में यह 60.5 वर्ष थी। कोविड-19 महामारी के दौरान इसमें गिरावट आई और 2021 में यह 58.4 वर्ष तक पहुंच गई। इसके बाद 2022 में सुधार के साथ यह 60.2 वर्ष हो गई।
ये आंकड़े 2 अक्टूबर 2026 को जारी किए गए WHO के वैश्विक स्वास्थ्य अनुमानों का हिस्सा बताए गए हैं। रिपोर्ट में वर्ष 2000 से 2023 तक जीवन प्रत्याशा, स्वस्थ जीवन प्रत्याशा, मृत्यु के कारणों और बीमारियों के बोझ का आकलन किया गया है।
WHO के मुताबिक, दुनिया में औसत जीवन प्रत्याशा महामारी से पहले के स्तर के करीब पहुंच गई है, लेकिन स्वस्थ जीवन प्रत्याशा में सुधार की रफ्तार अपेक्षाकृत धीमी रही है। इसका अर्थ है कि लोग अधिक समय तक जीवित तो रह रहे हैं, लेकिन जीवन के सभी अतिरिक्त वर्ष अच्छी सेहत के साथ बिताना अब भी चुनौती है।
भारत में जीवन प्रत्याशा के आंकड़ों पर कोविड-19 महामारी का असर स्पष्ट दिखाई देता है। वर्ष 2019 में जन्म के समय जीवन प्रत्याशा 70.5 वर्ष थी, जो 2021 में घटकर 68.1 वर्ष रह गई। इसके बाद इसमें सुधार हुआ और 2022 में यह फिर 70.5 वर्ष तथा 2023 में 71 वर्ष तक पहुंच गई।
इस तरह 2021 के निचले स्तर से दो वर्षों में भारत ने जीवन प्रत्याशा में 2.9 वर्ष की बढ़ोतरी दर्ज की। हालांकि, स्वस्थ जीवन प्रत्याशा की स्थिति उतनी मजबूत नहीं रही। वर्ष 2021 में यह 58.4 वर्ष थी, जो 2023 में बढ़कर 60 वर्ष हो गई। यह 2019 के स्तर से अब भी 0.5 वर्ष कम थी।
60 वर्ष की उम्र पार कर चुके लोगों के लिए भी जीवन प्रत्याशा में सुधार दर्ज किया गया। वर्ष 2023 में 60 वर्ष का व्यक्ति औसतन 18.8 वर्ष और जीवित रहने की उम्मीद कर सकता था, जबकि 2019 में यह आंकड़ा 18.4 वर्ष था।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved