
कौशांबी। SIR के विरोध में प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार (Chief Election Commissioner Gyanesh Kumar) का सांकेतिक पुतला जलाना समाजवादी पार्टी (Samajwadi Party) के नेताओं और कार्यकर्ताओं को भारी पड़ गया। मंझनपुर चौराहे पर सड़क जाम कर नारेबाजी और पुतला दहन के आरोप में सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव समेत 9 नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक प्रदर्शन के दौरान मुख्य मार्ग पर यातायात बाधित हुआ और पुतला जलाए जाने के बाद मौके पर धुआं तथा अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई और प्रदर्शनकारियों को हटाकर यातायात व्यवस्था सामान्य कराई।
सपा कार्यालय से नारेबाजी करते हुए चौराहे पहुंचे थे कार्यकर्ता
मामला 5 अक्टूबर का है। SIR के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सैकड़ों सपा कार्यकर्ताओं ने मंझनपुर चौराहे पर प्रदर्शन किया था। उप निरीक्षक अभिषेक कुमार यादव की तहरीर के आधार पर दर्ज मुकदमे में कहा गया है कि सपा कार्यालय से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए मंझनपुर चौराहे पहुंचे।
पुलिस का आरोप है कि प्रदर्शनकारियों ने सक्षम अधिकारी की अनुमति के बिना मुख्य मार्ग पर बैठकर और खड़े होकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इससे सड़क पर आवागमन प्रभावित हुआ और यातायात बाधित हो गया।
पुतला जलाने के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा
प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के सांकेतिक पुतले का दहन भी किया गया। पुलिस के अनुसार पुतला जलाए जाने से मौके पर धुआं फैल गया और कुछ देर के लिए अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आग बुझाई और प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। इसके बाद यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया गया।
इन लोगों के खिलाफ दर्ज हुई FIR
मामले में सपा जिलाध्यक्ष दयाशंकर यादव के अलावा शहनवाज, चंद्रजीत यादव, राजू सिंह पटेल, भरत सिंह लोधी, आनंद मोहन पटेल, विभा यादव, सुमित पांडे और आफताब शेख को नामजद किया गया है। इनके साथ अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भी मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान हुई घटना की वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी भी कराई गई थी। इन्हें मामले में साक्ष्य के तौर पर शामिल किया गया है। फिलहाल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved