
उज्जैन। इंदौर एवं देवास की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को महाकाल जाने के लिए अब शहर के यातायात का सामना नहीं करना पड़ेगा, उन्हें बाहर से ही सीधी सड़क मिलेगी। इसका निर्माण तेजी से जारी है। आज सुबह कलेक्टर और निगम आयुक्त निर्माण का निरीक्षण करने पहुँचे।
वर्तमान में देवास एवं इंदौर एवं बडऩगर की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं को निर्माण के चलते हरिफाटक पहुँचते शहर के व्यस्ततम ट्रैफिक का सामना करना पड़ता है और ऐसे में वहाँ तक पहुँचने में 2 से 3 घंटे लग जाते हैं। इसी को देखते हुए इंदौर रोड को तो सिक्स लेन किया ही जा रहा है, वहीं शांति पैलेस के पास एक ब्रिज भी बनाया जा रहा है लेकिन इसके अलावा डी मार्ट के सामने से एक नई सड़क बनाई जा रही है। यह सड़क शिप्रा नदी के ऊपर से ब्रिज के द्वारा जीवनखेड़ी सिकंदरी होते हुए नए आरटीओ के पास से सीधे हरिफाटक ब्रिज के यहाँ पहुँच जाएगी। 8 से 10 किलोमीटर की इस सड़क पर बाहर से पहुँचने वाले श्रद्धालुओं को कम यातायात मिलेगा और महाकाल पहुँचने के लिए अब 2 मार्ग बाहरी हो जाएँगे। आज सुबह इस मार्ग को देखने कलेक्टर रोशन कुमार सिंह और निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा पहुँचे। उन्होंने ठेकेदार को समय अवधि में काम करने के निर्देश दिए, निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने बताया 50 प्रतिशत तक काम पूरा हो चुका है। 2027 जून तक यह काम पूरा कर लिया जाएगा। सिंहस्थ महापर्व के दौरान यह सड़क काफी उपयोगी रहेगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved