
- शहर की प्रमुख सड़कों पर फैला कचरा-रैली निकालकर नपा कार्यालय के सामने दिया धरना, कांग्रेस ने दिया समर्थन
नागदा। सफाईमित्रों की तीन सूत्रीय मांगों को लेकर चल रही अनिश्चितकालीन हड़ताल दूसरे दिन गुरुवार को भी जारी है। दूसरे दिन भी सफाई नहीं होने से शहर की सड़कों और नालियों के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। नगरपालिका प्रशासन के पास इस समस्या का कोई बैकअप प्लान नहीं हैं और ना ही प्रयास किया जा रहा है।
वाल्मीकि सेना मार्शल कौम के नगर अध्यक्ष जितेंद्र डागर ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष संतोष कल्याणे के आह्वान पर संपूर्ण मप्र में सफाई मित्र अनिश्चितकालीन हड़ताल कर रहे हैं। इसके तहत ही बुधवार से शहर में भी सभी सफाई मित्र अनिश्चतकालीन हड़ताल में शामिल हुए हैं। बुधवार कन्याशाला चौराहे पर वाल्मीकि सेना मार्शल कौम के बैनर तले सफाई मित्र एकत्रित हुए। यहाँ से रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होकर नपा कार्यालय के सामने पहुँची। जहाँ धरना प्रदर्शन किया। सुबह 11 बजे से शाम 5.30 बजे तक धरना दिया गया जिसमें वरिष्ठ जागीरदारी पंचायत, वाल्मीकि पंचायत बिरलाग्राम, वाल्मीकि आवाज दो हम एक है समस्त वाल्मीकि समाज, मप्र महा वाल्मीकि पंचायत का समर्थन रहा। सफाई मित्रों की नागदा और खाचरौद में हड़ताल को पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर सहित कांग्रेस पार्षद दल ने समर्थन दिया है। पूर्व विधायक दिलीपसिंह गुर्जर धरना स्थल पर पहुँचे, जहाँ उन्हें सफाई मित्रों द्वारा ज्ञापन भी सौंपा गया। उन्होंने इसका समर्थन करते हुए मुख्यमंत्री से सफाई मित्रों की मांगों को तत्काल पूरा करने की मांग की है। जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित नही हो। शासन ने मांगों को नही माना तो आगामी विधानसभा सत्र में कांग्रेस विधायक के माध्यम से कर्मचारियों की मांगों को उठाकर शासन का ध्यान आकर्षित किया जाएगा। कांग्रेस पार्षद दल ने भी हड़ताल स्थल पर पहुंचकर सफाई मित्रों का समर्थन किया। दल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि मुख्यमंत्री को सकारात्मक निर्णय लेने के लिए पत्र देने के साथ आगामी परिषद् बैठक में सफाई मित्रों को स्थायी करने का प्रस्ताव स्वीकृत कर शासन को भेजा जाए।