
गया। बिहार के गया में चल रहे पितृपक्ष मेले का आज 14वां दिन है। देश-विदेश से श्रद्धालुओं के गया पहुंचने का सिलसिला लगातार जारी है। गुरुवार को रूस से आईं पांच महिला श्रद्धालु फल्गु नदी के देवघाट पहुंचीं और अपने पितरों की मोक्ष व आत्मा की शांति की कामना को लेकर पूरे विधि-विधान से पिंडदान किया। खास बात यह रही कि सभी महिलाएं सनातनी वेशभूषा में थीं। जमीन पर बैठकर उन्होंने पुरोहितों के मार्गदर्शन में पूजा-अर्चना की और पिंडदान की प्रक्रिया पूरी की। विदेशी महिलाओं को भारतीय परंपरा के अनुसार कर्मकांड करते देख देवघाट पर मौजूद लोग भी कुछ देर के लिए रुक गए।
गया इस्कॉन मंदिर के के पुजारी जगदीश श्याम दास ने बताया कि पितरों के लिए किए जाने वाले कर्मकांड और उसके धार्मिक महत्व को जानने के बाद रूस की इन महिलाओं ने अपने पूर्वजों के लिए गया में पिंडदान करने का फैसला किया। जुलाई में रूस से कुछ विदेशी पर्यटक गया आए थे। इस दौरान वे इस्कॉन मंदिर पहुंचे, जहां उन्हें गया की धार्मिक महत्ता और पिंडदान की प्राचीन परंपरा के बारे में जानकारी दी गई। इस्कॉन की ओर से विदेशों में सनातन धर्म और भारतीय आध्यात्मिक परंपराओं के प्रचार-प्रसार का भी असर देखने को मिल रहा है। विदेशी श्रद्धालुओं में भारतीय धार्मिक परंपराओं को जानने और उन्हें करीब से अनुभव करने की रुचि बढ़ रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved