
भोपाल। मुख्यमंत्री मोहन यादव (CM Mohan Yadav) ने गुरुवार को टीटी नगर स्थित तात्या टोपे स्टेडियम में आयोजित ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ (Colors of Service, United with the Nation) और ‘सेवा-ज्योति’ कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने आसमान में रंग-बिरंगे गुब्बारे (Balloons) छोड़कर सेवा, सहयोग और सद्भाव का संदेश दिया। मुख्यमंत्री ने लोगों से जनसेवा और जनकल्याण के काम लगातार जारी रखने का संकल्प लेने की अपील की। कार्यक्रम में विकसित भारत की परिकल्पना को रंगोली और विद्यार्थियों की प्रस्तुति के जरिए दर्शाया गया। चंद्रयान मिशन, देश के वैज्ञानिकों की उपलब्धियों और अयोध्या के श्रीराम मंदिर पर आधारित रंगोली आकर्षण का केंद्र रही। विद्यार्थियों ने भारत के नक्शे के आकार में मानव श्रृंखला भी बनाई। मुख्यमंत्री ने इसमें शामिल बच्चों से बातचीत की और उनका उत्साह बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासन प्रमुख के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उनके जन्मोत्सव से शुरू हुआ सेवा संकल्प अभियान पूरे महीने मनाया गया। इस दौरान विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों ने सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश में सकारात्मक बदलाव आए हैं और इसके लिए वे उनका आभार व्यक्त करते हैं। मुख्यमंत्री ने एशियन गेम्स में मध्यप्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों की भी सराहना की। उन्होंने बच्चों की उपलब्धियों और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के बाद मीडिया से चर्चा में डॉ. यादव ने कहा कि भारत दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र के रूप में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। देश की बढ़ती आर्थिक ताकत और दुनिया की पांचवीं सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में उसकी स्थिति गर्व का विषय है। उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर बधाई देते हुए कहा कि सभी को मिलकर जनकल्याण और जनसेवा के काम आगे बढ़ाने का संकल्प लेना चाहिए। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और विधायक हेमंत खंडेलवाल ने भी विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि बच्चों ने अपनी प्रस्तुति के माध्यम से विकसित भारत की परिकल्पना को खूबसूरती से सामने रखा। उन्होंने युवाओं के बेहतर भविष्य की कामना की।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved