img-fluid

इंदौर: कल की रात रही मौसम की सबसे सर्द रात

October 11, 2026

  • रात का पारा गिरकर 15.8 डिग्री पर पहुंचा, जो सामान्य से 3 डिग्री कम था, 2 ही दिनों में तापमान में आई 2 डिग्री की गिरावट
  • अक्टूबर के 10 में से 5 सालों का रिकॉर्ड टूटा

इंदौर। शहर (Indore) में मौसम (Season) करवट बदलने लगा है। इसके साथ ही दिन और रात (Day and Night) के तापमान (Temperature) में गिरावट का दौर शुरू हो गया है। बीती रात इस सीजन की सबसे सर्द रात रही। रात को न्यूनतम तापमान गिरकर 15.8 डिग्री पर पहुंच गया। इसके साथ ही अक्टूबर के पिछले 10 में से 5 सालों का न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड भी टूट गया। दिन के तापमान में भी गिरावट आ रही है, लेकिन तीखी धूप के कारण अब भी गर्मी सता रही है।

विमानतल स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 34.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा, लेकिन परसों की अपेक्षा 1.1 डिग्री कम था। वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 3 डिग्री और कल की तुलना में 0.2 डिग्री कम था। इस दौरान हवाओं की दिशा उत्तर-पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 19 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। मौसम विभाग के मुताबिक अक्टूबर के पिछले 10 सालों के रिकॉर्ड पर नजर डालें तो पांच साल ऐसे रहे हैं, जब पूरे महीने का न्यूनतम तापमान भी कल रात दर्ज तापमान से अधिक रहा था। इनमें 2018, 2019, 2022, 2023 और 2024 शामिल हैं। यानी इस बार अक्टूबर की शुरुआत में ही रात का पारा पिछले 10 सालों के पांच वर्षों के पूरे महीने के न्यूनतम तापमान से नीचे पहुंच गया है। अभी अक्टूबर माह के 10 दिन बाकी हैं और आने वाले दिनों में पारे में और गिरावट दर्ज हो सकती है।

दिन में अब भी सामान्य से ज्यादा गर्मी
रात के तापमान में गिरावट के बावजूद दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। कल भी दिन के अधिकतम तापमान में भले ही गिरावट दर्ज की गई, लेकिन यह सामान्य से 2 डिग्री ज्यादा ही था। यानी दिन और रात के तापमान में अंतर लगातार बढ़ रहा है। तेज धूप के कारण दोपहर में गर्मी महसूस हो रही है, जबकि सूरज ढलने के बाद रात से सुबह के भी बीच ठंडक बढ़ रही है। आने वाले दिनों में भी ऐसा ही मौसम बना रहने की संभावना है।

अक्टूबर में 6.2 डिग्री तक पहुंचा है पारा
इंदौर में अक्टूबर के महीने में सबसे कम न्यूनतम तापमान का रिकॉर्ड वर्ष 1999 के नाम है। उस साल 22 अक्टूबर को पारा गिरकर 6.2 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया था। वहीं अक्टूबर में अधिकतम तापमान का रिकॉर्ड वर्ष 2000 में बना था, जब पारा 37.8 डिग्री तक पहुंच गया था। इस साल दिन का तापमान पिछले 10 सालों का रिकॉर्ड पहले ही दिन तोड़ चुका है। मौसम विभाग के मुताबिक अक्टूबर में औसत अधिकतम तापमान 32.8 डिग्री और औसत न्यूनतम तापमान 18.2 डिग्री रहता है।

2 दिनों में 2 डिग्री गिरा दिन और रात का पारा
इंदौर में पिछले दो दिनों में दिन और रात दोनों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। गुरुवार को अधिकतम तापमान जहां 36.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.9 डिग्री था, वहीं परसों शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35.9 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री दर्ज किया गया। जबकि कल शनिवार को अधिकतम तापमान गिरकर 34.8 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री पर पहुंच गया। इस तरह दो दिनों में दिन का तापमान 1.7 डिग्री और रात का तापमान 2.1 डिग्री नीचे आया है।

एक नजर अक्टूबर के पिछले 10 सालों के न्यूनतम तापमान पर
वर्ष तापमान तारीख
2016 14.6 30 अक्टूबर
2017 15.1 31 अक्टूबर
2018 16.2 30 अक्टूबर
2019 17.0 13 अक्टूबर
2020 15.8 28 अक्टूबर
2021 14.1 30 अक्टूबर
2022 16.0 24 अक्टूबर
2023 16.6 28 अक्टूबर
2024 16.8 25 अक्टूबर
2025 14.0 12 अक्टूबर
2026 15.8 11 अक्टूबर

Share:

  • इंदौर: सुबह-सुबह पीली जीपों से मुनादी, घबराए लोगों ने खुद तोड़ना शुरू किए घर

    Sun Oct 11 , 2026
    कंडीलपुरा से किला मैदान की 80 फीट चौड़ी सड़क में 105 बाधाएं 104 फीट चौड़ी बनना है सड़क, लेकिन रहवासियों के विरोध के चलते फिलहाल 80 फीट के मान से निर्माण इंदौर। नगर निगम (Municipal council) कंडीलपुरा (Kandeelpura) से किला मैदान महाकाली मंदिर (Kila Maidan Mahakali Temple) तक 104 फीट चौड़ी सड़क बनाने की तैयारी […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved