
इंदौर। इंडस्ट्री हाउस (Industry House) के लेफ्ट टर्न (Left Turn) चौड़े करने का काम पूरा करने के बाद अब नगर निगम (Municipal council) चार से पांच दिनों में पलासिया (Palasia) से इंडस्ट्री हाउस को जोड़ने वाले वर्षों पुराने के चौड़ीकरण का काम शुरू करने जा रहा है। साढ़े 4 करोड़ की लागत से पुल की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी, ताकि वहां आसपास के हिस्सों में यातायात जाम से मुक्ति मिल सके। पुल के दोनों ओर 25-25 फीट की स्लैब बिछाई जाएगी।
शहर की कई पुल-पुलियाओं को संवारने के साथ उन्हें नया बनाने के लिए नगर निगम ने पूर्व में प्रस्ताव तैयार किए थे और इस आधार पर टेंडर भी जारी किए थे, लेकिन कई जगह विभिन्न तकनीकी दिक्कतों के चलते मामला उलझन में पड़ गया था। इसी के चलते एसजीएसआईटीएस के एक्सपर्टों के साथ निगम अधिकारियों ने विभिन्न पुल-पुलियाओं का दौरा किया और अब नए सिरे से कंसल्टेंट के साथ बैठक कर इसके प्रस्ताव तैयार किए जा रहे हैं। जनकार्य समिति प्रभारी राजेंद्र राठौर के मुताबिक सबसे ज्यादा खस्ताहाल अहिल्याश्रम का खड़खड़िया पुल है। इस पुल की हालत इतनी जर्जर हो गई है कि उसके सरिए और प्लास्टर गिरने लगा है। इस पुल का हिस्सा काफी निचले स्तर पर बना हुआ है, इसलिए इसे तोड़कर नए तरीके से ऊंचाई पर बनाया जाएगा, ताकि सिंहस्थ के दौरान वाहन चालकों को दिक्कतें न आएं। उक्त पुल सिंहस्थ के दौरान यातायात के मान से काफी महत्वपूर्ण है। इसके अलावा सुभाष नगर, भागीरथपुरा श्मशान के समीप, कुलकर्णी भट्ठा और कुछ अन्य पुल-पुलियाएं हैं, जिनमें से कुछ को तोड़कर नया बनाया जाना है और कुछ को चौड़ा किया जाना है। इसके अलावा निगम द्वारा पलासिया से एबी रोड को जोड़ने वाले सबसे महत्वपूर्ण पुल का काम भी आने वाले चार-पांच दिनों में शुरू कराए जाने की तैयारी है। पलासिया से इंडस्ट्री हाउस का यह वर्षों पुराना पुल अभी बमुश्किल 15 से 20 फीट चौड़ा है और अब इसकी चौड़ाई दोनों ओर 25-25 फीट और बढ़ाई जा रही है, ताकि वाहन गुजरने पर जाम की स्थिति न बने। दोनों ओर नाले में पिलर बनाकर ऊपरी हिस्सों तक लाए जाएंगे और उस पर स्लैब बिछाई जाएगी। इस दौरान पुराने पुल से यातायात संचालन जारी रहेगा। यह पुल बनने से सीधे पलासिया से एबी रोड की कनेक्टिविटी और सुगम हो जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved