
नई दिल्ली। राहुल गांधी (Rahul Gandhi) इंडिया ब्लॉक (INDIA bloc) के मार्च से पहले इंदिरा भवन में लोगों को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान राहुल ने केंद्र सरकार (Central Government) पर कई आरोप लगाए। उन्होंने मोदी सरकार पर मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) को बचाने का आरोप लगाया। कहा कि सरकार बहुत बड़ी गलती कर रही है। इंडिया गठबंधन के सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करने की योजना से पहले राहुल गांधी ने कहा कि यह जनता बनाम मोदी, शाह और ज्ञानेश की लड़ाई है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आगे कहा कि लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरी दिल्ली को किले में बदल दिया गया है और हर तरफ पुलिसकर्मी तैनात हैं। राहुल ने कहा कि दिल्ली में 20 से 30 हजार पुलिसकर्मियों की तैनाती से पता चलता है कि सरकार ज्ञानेश कुमार को बचाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने दावा किया कि दिल्ली पुलिस के करीब 50 फीसदी कर्मचारी उनसे सहमत हैं और कह रहे हैं कि वह जो कर रहे हैं, वह सही है।
राहुल गांधी ने कहा कि पुलिस और प्रशासन के लोग भी सरकार से नाराज हैं। उनके मुताबिक, पुलिसकर्मी पूछते हैं कि युवाओं को उनसे क्यों पिटवाया जा रहा है, क्योंकि वे बच्चों के साथ बदसलूकी नहीं करना चाहते। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा और आरएसएस से जुड़े लोग युवाओं पर अत्याचार कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि सरकार वोट चोरी के खिलाफ आंदोलन को दबाने की कोशिश कर रही है। उन्होंने सवाल उठाया कि ज्ञानेश कुमार इस्तीफा क्यों नहीं दे रहे हैं। राहुल के मुताबिक, सरकार ने उनके खिलाफ प्रदर्शन के लिए कोई जगह नहीं दी और प्रदर्शनकारियों को जंतर-मंतर तक नहीं जाने दिया जा रहा है।
50% पुलिसवाले हमारे साथ: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि वह देश को दिखाना चाहते हैं कि सरकार मुख्य चुनाव आुयक्त ज्ञानेश कुमार को बचा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिसवाले भी बहुत परेशान हैं। उनका दावा है कि दिल्ली पुलिस, CRPF, ITBP के अंदर भी सवाल किए जा रहे हैं कि युवाओं को क्यों पीटा जा रहा है। उनका दावा है कि 50% पुलिसवाले उनके साथ हैं और उनसे कह रहे हैं कि वे जो कर रहे हैं वह सही है।
दिल्ली कैद क्यों है: राहुल गांधी
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए सरकार पर सवाल उठाया है। उन्होंने सवाल किया कि आखिर दिल्ली कैद में क्यों है? उन्होंने सवाल किया कि राजधानी कैद में क्यों है? राहुल गांधी ने कहा, ‘लोगों को दिल्ली आने से रोका जा रहा है. ट्रेन, बसों को रोका जा रहा है. दिल्ली को किला बना दिया गया है. सब जगह पुलिस है.’
हम शांतिपूर्वक न्याय मांगने की कोशिश करेंगे: सुप्रिया सुले
NCP-SCP सांसद सुप्रिया सुले का कहना है कि वे शांतिपूर्ण तरीके से मार्च करेंगे। उनका कहना है कि देश में जो कुछ हो रहा है वह गलत हो रहा है। उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था को लेकर सरकार से सवाल भी किया। उन्होंने कहा, ‘हम शांतिपूर्वक न्याय मांगने की कोशिश करेंगे. कल तीन पत्रकारों को भी हिरासत में लिया गया था। यह लोकतंत्र है और लोकतांत्रिक व्यवस्था में हर किसी को बोलने, स्वतंत्र रूप से घूमने और अपने संवैधानिक अधिकारों का प्रयोग करने का मौलिक अधिकार है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved