
टीकमगढ़। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री बुधवार रात सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा लेकर टीकमगढ़ पहुंचे। रात करीब 2:30 बजे कुंडेश्वर रोड स्थित पीजी कॉलेज परिसर में आयोजित दिव्य दरबार में उन्होंने बेटियों को संबोधित करते हुए कहा कि आईएएस, आईपीएस, डॉक्टर और इंजीनियर बनें लेकिन बुर्का वाली कभी न बनें। उन्होंने युवाओं को माता-पिता के महत्व का संदेश देते हुए दो लाइनों में कहा- माना कि मोहब्बत बुरी नहीं है लेकिन मां-बाप से ज्यादा जरूरी नहीं है।
नवरात्र के दौरान गरबा पंडालों में प्रवेश को लेकर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने एक उपाय सुझाया। उन्होंने कहा कि गरबा पंडालों के बाहर भगवान विष्णु के वराह अवतार की प्रतिमा लगाई जाए और प्रवेश करने वाले प्रत्येक व्यक्ति से उन्हें प्रणाम कराया जाए। उनके अनुसार इससे गैर-हिंदुओं के प्रवेश पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है। उनके इस बयान की चर्चा कार्यक्रम में मौजूद लोगों के बीच रही।
सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा के दौरान सामने आई चोरी की घटनाओं को लेकर भी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने दावा किया कि पुलिस ने चार मुस्लिम युवकों को पकड़ा है और उन्हीं पर अलग-अलग स्थानों पर चोरी की घटनाओं को अंजाम देने का आरोप है। उन्होंने कहा कि यात्रा को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। हालांकि उनके इन दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved