
नई दिल्ली. अभिजीत दीपके (Abhijit Dipke) शुक्रवार को लहरा दो तिरंगा (Tricolour) के तहत राजधानी दिल्ली में कनॉट प्लेस पर झंडा फहराने की तैयारी कर रहे हैं। इससे पहले उन्होंने आधी रात को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाई, जिसमें साफ किया है कि कॉकरोच जनता पार्टी सत्ता परिवर्तन नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि सीजेपी (CJP) मुख्य चुनाव आयुक्त (CIC) ज्ञानेश कुमार (Gyanesh Kumar) को हटाकर नए सीईसी को नियुक्त करना चाहती है।
उन्होंने कहा, ‘हम बस जवाबदेही मांग रहे हैं कि जो ज्ञानेश कुमार ने चुनावों में हेराफेरी की है। जो उन्होंने सुप्रीम कोर्ट की मंजूरी के बिना फॉर्म 6 में बदलाव किए। जो बाकी दो आयुक्तों ने कहा कि वो फैसलों के साथ नहीं थे। बस उसके ऊपर हम चाहते हैं कि ज्ञानेश कुमार को हटाकर किसी और को बना दो। हम यह तो नहीं कह रहे कि सत्ता पलटनी है, हम ये तो नहीं कह रहे कि कुछ और करना है।’
CEC पर लगाए आरोप
उन्होंने कहा, ‘हम तो सिर्फ इतना कह रहे हैं कि जो ज्ञानेश कुमार चुनाव में हेराफेरी कर रहे हैं, जो अपने साथी आयुक्तों की नहीं सुन रहे हैं, जो सुप्रीम कोर्ट की भी नहीं सुन रहे हैं, उन्हें हटाकर नया आयुक्त बनाओ। एक स्वतंत्र और निष्पक्ष तरीके से। क्या इतनी मांग करना भी आज लोकतंत्र में पाप हो चुका है। इसके लिए इतना क्यों डर रहे हैं प्रधानमंत्री।’
उन्होंने कहा, ‘मैं फिर से साफ कर देना चाहता हूं कि हम महात्मा गांधी और डॉक्टर बाबासाहब आंबेडकर के समर्थक हैं। हम इस देश के नागरिक के तौर पर चुपचाप से जाकर तिरंगा लहराएंगे, जो हमारा अधिकार है। उतना तो हम कर सकते हैं। तिरंगा लहराने से हमें कैसे रोक सकते हो। और महात्मा गांधी के फॉलोअर्स हैं, तो हम शांति में भरोसा रखते हैं, अहिंसा में भरोसा रखते हैं। हम हमारी तरफ से कोई भी हिंसा या असंवैधानिक काम नहीं कर करते।’
दिल्ली पुलिस ने दी है अनुमति
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों और आम जनता से अपील की है कि वे इस गैर-कानूनी जमावड़े का हिस्सा न बनें, क्योंकि धारा 163 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने व्यापारियों की आशंकाओं का हवाला देते हुए क्षेत्र की शांति भंग न करने की बात कही है। हालांकि, एक वैकल्पिक विकल्प देते हुए कहा कि वह ध्वज ले जाने और राष्ट्रगान गाने के लिए चुनिंदा व्यक्तियों के एक समूह को किसी उपयुक्त स्थान पर सुविधा प्रदान कर सकती है। बशर्ते कि तिरंगे का प्रदर्शन और राष्ट्रगान पूरे सम्मान, गरिमा और निर्धारित नियमों के दायरे में किया जाए।
चौकसी बढ़ी
किसी भी बड़े जमावड़े या सामूहिक उल्लंघन की स्थिति से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस ने व्यापक प्रशासनिक तैयारियां की हैं। लुटियंस दिल्ली के नजदीकी खेल स्टेडियमों को अस्थाई डिटेंशन सेंटर बनाया गया है, जहां हिरासत में लिए गए प्रदर्शनकारियों को ले जाने के लिए दर्जनों सरकारी बसों की कतारें खड़ी कर दी गई हैं। इसके साथ ही केंद्रीय सचिवालय, उद्योग भवन और खान मार्केट जैसे नजदीकी मेट्रो स्टेशनों के चुनिंदा निकास द्वारों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए।
लुटियन जोन में चारों तरफ सुरक्षा का जिम्मा लगभग 27,000 जवानों को सौंपा गया है। पूरे नई दिल्ली और कनॉट प्लेस क्षेत्र में शांति बनाए रखने, मानव जीवन और सार्वजनिक/निजी संपत्ति की रक्षा के लिए भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 पहले से ही लागू है।
सेंट्रल पार्क 2 दिन बंद
एनडीएमसी ने दिल्ली पुलिस को लिखित पत्र भेजकर सूचित किया है कि प्रशासनिक कारणों से 16 और 17 अक्टूबर को सेंट्रल पार्क पूरी तरह बंद रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय के निर्देशों के तहत दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों की अतिरिक्त कंपनियों को 20 अक्टूबर तक के लिए हाई-अलर्ट पर रखा गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved