कानपुर। उत्तर प्रदेश के कानपुर (Kanpur UP) जिले में पारिवारिक विवाद के दौरान एक महिला पर अपने देवर के निजी अंग को दांत से काटकर गंभीर रूप से घायल करने का आरोप लगा है। बताया जा रहा है कि महिला अपने बेटे की पिटाई से नाराज थी। शुक्रवार शाम भाभी, देवर और ससुर के बीच विवाद के दौरान यह घटना हुई। घायल युवक को पहले घाटमपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। वहां से उसे कानपुर रेफर कर दिया गया। परिजन उसे उर्सला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां से उसे हैलट अस्पताल भेजा गया। फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई गई है।
बेटे की पिटाई को लेकर हुआ था विवाद
जानकारी के अनुसार, गांव में रहने वाले एक बुजुर्ग का बड़ा बेटा अहमदाबाद में निजी नौकरी करता है। उसका परिवार गांव में ही रहता है। बुजुर्ग का 37 वर्षीय छोटा बेटा भी अपने परिवार के साथ गांव में रहता है। उसके चार बच्चे हैं।
आरोप है कि छोटे बेटे ने अपनी भाभी के बेटे की पिटाई कर दी थी। इस बात को लेकर भाभी और देवर के बीच कहासुनी हुई। शुक्रवार शाम दोनों के बीच फिर विवाद हुआ, जिसमें ससुर भी शामिल थे। आरोप है कि इसी दौरान महिला ने देवर के कपड़े उतरवाए और उसके निजी अंग को दांत से काट लिया।
ग्रामीणों के मुताबिक, विवाद के बाद महिला ने देवर को बहाने से उकसाया और फिर उस पर हमला कर दिया। हालांकि, घटना को लेकर अभी तक किसी पक्ष ने पुलिस को लिखित शिकायत नहीं दी है।
घटना के बाद घायल युवक जमीन पर गिर गया। उसके निजी अंग से खून बहने लगा और वह लोगों से मदद मांगने लगा। इसके बाद पिता ने पड़ोसियों की सहायता से उसे घाटमपुर सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे कानपुर रेफर कर दिया गया।
सजेती थाना प्रभारी अनुज भारती ने बताया कि घायल युवक का उपचार जारी है। शुरुआती जानकारी में महिला की मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी की ओर से तहरीर नहीं दी गई है।
आजमगढ़ में पत्नी पर पति के निजी अंग पर तेजाब डालने का आरोप
करीब एक महीने पहले उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले में भी इसी तरह का एक मामला सामने आया था। गंभीरपुर थाना क्षेत्र के रानीपुर रजमो सिधारीगंज गांव में ससुराल पहुंचे एक युवक ने अपनी पत्नी पर उसके निजी अंग पर तेजाब डालने का आरोप लगाया था।
कोहड़ौरा गांव निवासी मुकेश पांडेय के मुताबिक, उसकी शादी दो साल पहले रानीपुर रजमो सिधारीगंज गांव की शिवांगी से हुई थी। दोनों की एक बेटी भी है। मुकेश रोजी-रोटी के लिए नासिक में रहता है। वह 24 सितंबर को घर आया था और 26 सितंबर को पत्नी से मिलने ससुराल पहुंचा था।
मुकेश ने आरोप लगाया था कि ससुराल में पत्नी ने उसके निजी अंग पर तेजाब डाल दिया, जिससे वह घायल हो गया। उसकी शिकायत पर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की थी। पुलिस ने अगले ही दिन आरोपी पत्नी को उसके मायके से गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
ग्रामीणों के अनुसार, मुकेश और शिवांगी ने प्रेम विवाह किया था। ग्रामीणों ने मुकेश के शराब पीने का आदी होने की बात भी कही थी। हालांकि, यह जानकारी ग्रामीणों के दावे पर आधारित थी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved