मेरठ। पति की हत्या (Murder of a husband) के मामलों में मृत्युदंड की सजा (Death penalty) पा चुकीं मुस्कान और रविता जेल में अहोई अष्टमी (Ahoi Ashtami) का व्रत रखेंगी। इनके साथ पति की हत्या के मामले में जेल में बंद दामिनी ने भी अपने बेटे की दीर्घायु के लिए व्रत रखने की इच्छा जताई है। तीनों महिला बंदियों ने इसके लिए जेल प्रशासन से अनुमति और पूजा सामग्री उपलब्ध कराने का आग्रह किया है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक ने उन्हें पूजा सामग्री मुहैया कराने की बात कही है।
चर्चित नीले ड्रम वाले सौरभ राजपूत हत्याकांड में फांसी की सजा के खिलाफ इलाहाबाद हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाने वाली मुस्कान रस्तोगी चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में बंद है। वह एक नवंबर को अपनी दो बेटियों की लंबी उम्र के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखेगी।
वहीं, बहसूमा में अपने पति अमित कश्यप की हत्या करने और बिस्तर पर सांप छोड़ने के मामले में मृत्युदंड की सजा पाने वाली रविता भी अपने बच्चों की दीर्घायु के लिए व्रत रखेगी।
हस्तिनापुर में अपने पति अतुल पंवार की हत्या के मामले में जेल में बंद दामिनी ने भी अपने इकलौते बेटे की लंबी उम्र के लिए अहोई अष्टमी का व्रत रखने की इच्छा जताई है। मुस्कान, रविता और दामिनी ने जेल प्रशासन से व्रत रखने की अनुमति देने के साथ पूजा सामग्री उपलब्ध कराने की मांग की है।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक वीरेश राज शर्मा ने बताया कि तीनों महिला बंदियों ने एक नवंबर को अहोई अष्टमी का व्रत रखने की अनुमति मांगी है। उन्हें पूजा सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी, ताकि वे जेल में व्रत और पूजन कर सकें।
चौधरी चरण सिंह जिला कारागार में अलग-अलग मामलों में बंद 37 महिला बंदियां करवाचौथ का व्रत भी रखेंगी। ये महिलाएं अपने पतियों की दीर्घायु और अखंड सुहाग की कामना के लिए व्रत रखेंगी। इसके लिए उन्होंने जेल प्रशासन से करवा उपलब्ध कराने का आग्रह किया है।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि करवाचौथ का व्रत रखने वाली 37 महिला बंदियों को करवा उपलब्ध कराया जाएगा। जेल में बंदियों और दोषियों को पूजा-पाठ के लिए आवश्यक सामग्री भी मुहैया कराई जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved