img-fluid

राहुल गांधी के नेतृत्व में रवाना हुए इंडिया ब्लॉक के सांसद, रामलीला मैदान तक करेंगे मार्च

November 01, 2026

नई दिल्ली. INDIA ब्लॉक के नेताओं ने मिंटो ब्रिज से अपना मार्च शुरू कर दिया है. राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, ममता बनर्जी, फारूक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, अभिषेक बनर्जी समेत INDIA ब्लॉक के सभी नेता खुली बस में सवार होकर रामलीला मैदान के लिए रवाना हो गए हैं।

राहुल गांधी के साथ बस में कौन-कौन से नेता सवार?
लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गांधी के साथ प्रियंका गांधी वाड्रा, फारुक अब्दुल्ला, तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, सुप्रिया सुले अभिषेक बनर्जी, केसी वेणुगोपाल और अन्य नेता खुली बस में बैठकर रामलीला मैदान की ओर रवाना हुए।

राहुल गांधी के साथ मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए विपक्षी दलों के नेता और सांसद
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर से इंडिया ब्लॉक के सांसद मिंटो ब्रिज के लिए रवाना होना शुरू हो चुके हैं। राहुल गांधी भी इंडिया ब्लॉक के नेताओं के साथ खुली बस में मिंटो ब्रिज के लिए रवाना हुए।


  • हिमंत बिस्व सरमा बोले- घुसपैठियों को बचाने के लिए हो रही नौटंकी
    हिमाचल प्रदेश के शिमला में असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा, “राहुल गांधी इसलिए रो रहे हैं, क्योंकि एसआईआर प्रक्रिया के जरिए घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से हटाए गए हैं। इन घुसपैठियों को बसाने के लिए ही वह यह पूरा ड्रामा कर रहे हैं। हालांकि, देश की जनता कभी भी घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं होने देगी। हम चुनाव आयोग और देश के नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े हैं। वह पागल हैं, उन्हें मानसिक अस्पताल में होना चाहिए।”

    उन्होंने आगे कहा, “बंगाल और असम जैसे राज्यों में घुसपैठियों का मुद्दा हर कोई स्वीकार करता है। सुप्रीम कोर्ट से लेकर संसद तक इस पर चर्चा हुई है। अगर एसआईआर नहीं होगा, तो घुसपैठियों के नाम मतदाता सूची से कैसे हटाए जाएंगे? हमें ‘बाबरों और औरंगजेबों’ को मतदाता सूची से बाहर करने के लिए एसआईआर की जरूरत है।”

    उन्होंने कहा, “हिमाचल प्रदेश और केरल में हुए चुनावों का क्या? क्या उन्हें भी रद्द कर देना चाहिए? रायबरेली से उनका अपना चुनाव क्या रद्द किया जाना चाहिए? कांग्रेस से कहिए कि पहले अपनी सरकारों से इस्तीफा दे, फिर हमसे बात करे। उन्हें लगता है कि उनकी अपनी सरकारें ठीक हैं, लेकिन जहां भाजपा सत्ता में है, वहां उन्हें वोट चोरी नजर आती है। यह कैसा दोहरा मापदंड है? यह पूरा ड्रामा सिर्फ घुसपैठियों को बचाने की कोशिश है, इसके अलावा कुछ नहीं।”

    जेपी नड्डा बोले- भारत में सत्ता परिवर्तन का एजेंडा नहीं चलेगा
    केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने कांग्रेस समेत तमाम विपक्षी दलों पर रामलीला मैदान में होने वाली रैली को लेकर निशाना साधा। उन्होंने सिख दंगों का जिक्र करते हुए कहा, ‘राहुल गांधी, ध्यान से सुन लीजिए। यह भारत है, कोई ‘बनाना रिपब्लिक’ नहीं, जहां आप जब चाहें लोगों को आगजनी के लिए उकसा दें, दंगे भड़काएं या ‘सत्ता परिवर्तन’ का एजेंडा चलाने लगें। राहुल गांधी, ऐसे सपने देखना बंद कर दीजिए। भारत दुनिया का सबसे पुराना और सबसे मजबूत लोकतंत्र है। 1 नवंबर भारत के लोकतांत्रिक इतिहास का सबसे बदनाम और काला दिन है। इसी दिन कांग्रेस पार्टी द्वारा पाले-पोसे गए गुंडों ने हमारे निर्दोष सिख भाइयों का नरसंहार किया था। हजारों सिख परिवार रातोंरात बेघर हो गए और हजारों महिलाओं ने अपने पति खो दिए। देश उस घटना को नहीं भूला है। आज भी दिल्ली की ‘विधवा कॉलोनी’ कांग्रेस के इतिहास के उस भयावह और खूनी अध्याय की गवाही देती है। उस गंभीर अपराध के लिए गांधी परिवार ने आज तक सिख समुदाय से ईमानदारी से माफी नहीं मांगी है। कांग्रेस की असंवेदनशीलता और राहुल गांधी की छोटी सोच देखिए। इस काले दिन, जब देश को अपने शहीदों और पीड़ितों को याद करना चाहिए, राहुल गांधी रामलीला मैदान में खड़े होकर सिर्फ अपना राजनीतिक एजेंडा आगे बढ़ाने में लगे हैं।”

    सपा सांसद इकरा हसन बोलीं- सड़कों पर उतरना ही जनता के पास एकमात्र रास्ता
    समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने कहा, “जब जनता अपने अधिकारों की मांग को लेकर सड़कों पर उतरती है और उसका सभी संस्थाओं से भरोसा उठ जाता है, तो इसकी वजह यह होती है कि आपने हर जगह स्वतंत्र और निष्पक्ष संस्थाओं के अस्तित्व को योजनाबद्ध तरीके से खत्म कर दिया है। ऐसे में लोकतंत्र में जनता के पास यही एक रास्ता बचता है। इसके अलावा, यह हमारा मौलिक अधिकार है। आज हम सत्ता में बैठे लोगों को दिखा देंगे कि यह मुद्दा सिर्फ राजनीतिक पार्टियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इस देश की जनता से जुड़ा हुआ मुद्दा है।”

    भूपेंद्र सिंह हुड्डा बोले- व्यापारियों को नहीं हो रहा कोई नुकसान
    हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा, “राहुल गांधी के आह्वान पर लाखों लोग यहां पहुंच रहे हैं। इंडिया ब्लॉक के सभी नेता इस रैली में शामिल होंगे। यह जनता की आवाज है और ज्ञानेश कुमार को पद छोड़ना होगा। व्यापारियों को कोई नुकसान नहीं हो रहा है। जब लोग यहां आएंगे, तो वे कुछ न कुछ खरीदारी भी करेंगे।”

    इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर क्या बोले सपा सांसद प्रिया सरोज और जियाउर्रहमान बर्क?
    समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज ने कहा, “हम इस रैली में इसलिए शामिल हो रहे हैं, क्योंकि यह जनता की मांग है। लोग चाहते हैं कि हम उन आरोपों पर सरकार से जवाब मांगें, जो लगातार लगाए जा रहे हैं। विपक्ष लंबे समय से चुनाव आयोग की पारदर्शिता और जवाबदेही पर सवाल उठा रहा है। लगातार आरोप लगाए जा रहे हैं। मैं कहना चाहूंगी कि अगर सब कुछ ठीक है, तो आयोग सामने आए और तथ्यों व सबूतों के आधार पर जवाब दे। केवल राजनीतिक बयानबाजी न करे। हम लगातार कह रहे हैं कि अगर आप सही हैं, तो प्रेस कॉन्फ्रेंस कीजिए। लेकिन आप न तो प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पा रहे हैं और न ही सवालों के जवाब दे रहे हैं। ऐसे में जनता को यह समझ आने लगा है कि चुनाव आयोग एक ही पार्टी को बचाने और उसे सत्ता में बनाए रखने के लिए काम कर रहा है। इससे एक संवैधानिक संस्था चुनाव आयोग की छवि का मजाक बनकर रह गई है।”

    समाजवादी पार्टी के सांसद जियाउर्रहमान बर्क ने कहा, “हम पूरी तरह एकजुट हैं और आज पूरी ताकत के साथ इस रैली को सफल बनाएंगे। भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन इस रैली को रोकने के लिए हर संभव कोशिश कर रहे हैं, लेकिन वे इसमें सफल नहीं होंगे। हमारी रैली पूरी ताकत के साथ होगी। जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते और एसआईआर पर रोक नहीं लगाई जाती, तब तक हम इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेंगे।”

    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने एसआईआर को लेकर किस पर साधा निशाना?
    कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने कहा, “हमें मतदाता सूची पूरी तरह त्रुटिरहित चाहिए। यह बेहतर होगा कि मतदाता सूची में एक-दो मृत लोगों के नाम रह जाएं, लेकिन 13 करोड़ वास्तविक मतदाताओं के नाम न हटाए जाएं।” उन्होंने आगे कहा, “भारतीय नागरिकों के संवैधानिक अधिकार चुनाव आयोग द्वारा नहीं छीने जाने चाहिए। आयोग ने जो किया, वह पूरी तरह गलत था। इस देश में पिछले 80 वर्षों से हम बिना ऐसी किसी समस्या के स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराते आए हैं। इस दौरान कभी इतनी बड़ी संख्या में लोगों के नाम मतदाता सूची से नहीं हटाए गए।”

    Share:

  • अहोई अष्टमी का व्रत आज, संतान की लंबी उम्र के लिए करें पूजा, जानें शुभ मुहूर्त और तारों को अर्घ्य देने का समय

    Sun Nov 1 , 2026
    नई दिल्ली । अहोई अष्टमी (Ahoi Ashtami) का व्रत आज 1 नवंबर 2026, रविवार को रखा जा रहा है। यह पर्व संतान (Children) की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना से जुड़ा है। इस दिन माताएं अपनी संतान के कल्याण के लिए पूरे दिन व्रत (Fast) रखती हैं और शाम को […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved