
रीवा: मध्य प्रदेश के रीवा में शहर के व्यस्त इलाके अस्पताल चौराहे पर रविवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब किराए के विवाद को लेकर एक महिला और ऑटो चालक आपस में भिड़ गए. बात इतनी बढ़ गई कि महिला ने सरेराह अपनी चप्पल उतार ली और ऑटो चालक की चप्पलों से पिटाई शुरु कर दी. इस दौरान ऑटो चालक भी गाली-गलौज करता नजर आया और दोनों के बीच तीखी बहस शुरु हो गई.
देखते ही देखते मौके पर राहगीरों की भीड़ जमा हो गई. इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. दरअसल, अस्पताल चौराहे पर ऑटो किराए को लेकर महिला और चालक के बीच कहासुनी हो गई. शुरुआत में दोनों के बीच तीखी बहस होती रही, लेकिन कुछ ही देर में मामला इतना बढ़ गया कि महिला ने अपना आपा खो दिया.
इसके बाद महिला चप्पलों से ऑटो चालक की धुनाई करने लगी. इस दौरान दोनों पक्षों की तरफ से जमकर तू तू, मैं मैं और अपशब्दों का इस्तेमाल हुआ. महिला लगातार चालक से अपने पैसे या तय किराए को लेकर बहस करती दिखी. चौराहे पर चल रहे इस ड्रामे के दौरान आसपास के लोग तमाशबीन बने रहे.
मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो अपने मोबाइल कैमरे में कैद कर लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. बता दें कि रीवा से इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. इस घटना से पहले गुरुवार को रीवा के समान थाना क्षेत्र स्थित नए बस स्टैंड परिसर में देर रात ऑटो किराए को लेकर चालक और सवारी के बीच विवाद हो गया था. शुरुआत में दोनों के बीच कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया. इसके बाद ऑटो चालक और सवारी एक-दूसरे से भिड़ गए थे. दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई थी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved