
डेस्क: आम आदमी पार्टी (AAP) ने शनिवार (31 अक्टूबर 2026) को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए 40 उम्मीदवारों की अपनी पहली सूची जारी की, जिसके बाद पार्टी में बगावत के सुर उठने लगे हैं. चुनाव से पहले AAP को झटका लगा है. AAP के दो विधायकों ने पार्टी छोड़ने का ऐलान किया है. इनमें पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा और सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा शामिल हैं. वहीं इसको लेकर बीजेपी ने AAP पर निशाना साधा है.
जानकारी के मुताबिक पटियाला के सनौर विधानसभा क्षेत्र से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा ने आम आदमी पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. वहीं पूर्व मंत्री और पटियाला के समाना से विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने भी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने की घोषणा की.
विधायक चेतन सिंह जोड़ामाजरा ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है, जिसमें उन्होंने लिखा ‘मैं चेतन सिंह जोड़ामाजरा आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देता हूं’.
इधर पार्टी चेतन सिंह जोड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा के इस्तीफे के बाद बीजेपी के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने आम आदमी पार्टी पर निशाना साधा है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने कहा ‘अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान के गूंगे 94 भेड़ुओं में से ज़िंदा ज़मीर वाला अलग हुआ.अभी तो फिल्म शुरू हुई है’.
चेतन सिंह जोड़ामाजरा और हरमीत सिंह पठानमाजरा के इस्तीफे के बाद ऐसे कयास लगाए जा रहे हैं कि दोनों ही नेता बीजेपी में शामिल हो सकते हैं. खबरों की माने तो पठानमाजरा और जोड़ामाजरा चंडीगढ़ में केंद्रीय मंत्री अमित शाह सभा के दौरान बीजेपी में शामिल हो सकते हैं.
शनिवार को आम आदमी पार्टी ने पंजाब विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपने 40 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी. AAP के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल की अध्यक्षता में आयोजित पॉलिटिकल अफेयर्स कमेटी (पीएसी) की उच्चस्तरीय बैठक में विचार-विमर्श के बाद इन नामों पर अंतिम मुहर लगाई गई थी. पार्टी ने पंजाब के मुख्यमंत्री सरदार भगवंत सिंह मान को एक बार फिर उनकी परंपरागत सीट धूरी से मैदान में उतारा है. यह सूची पूरी जनता के बीच कराए गए निष्पक्ष और वैज्ञानिक सर्वे के आधार पर तैयार की गई है, जिसमें जनता की मुहर लगने के बाद ही प्रत्याशियों के नामों को अंतिम रूप दिया गया.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved