
- 300 दिनों में आरपीएफ ने 3 हजार 271 प्रकरण किए दर्ज
- ट्रेनों में चोरी, बिना टिकिट जैसे औसतन रोजाना 10 केस आए
उज्जैन। उज्जैन आरपीएफ थाने में ट्रेनों में चोरी, मारपीट और बिना टिकिट सहित अन्य तरह के अपराधों में रोजाना औसतन 10 प्रकरण दर्ज किए गए हैं। यानी पिछले 300 दिन में कुल 3 हजार 274 केस दर्ज किए गए हैं। इतना ही नहीं आरपीएफ के नियम तोडऩे वालों से 10 लाख से ज्यादा का जुर्माना भी वसूला है।
आरपीएफ से मिली जानकारी के मुताबिक बीते 10 महीनों में लगभग 300 दिनों की अवधि में ट्रेनों में सफर कर रहे यात्रियों ने चोरी, मारपीट और छेड़छाड़ सहित महिलाओं और विकलांगों को सीट के लिए परेशान करने, फेरी वालों द्वारा मुसाफिरों को अभद्रता सहित किन्नरों द्वारा यात्रियों को परेशान करने व जबरन रुपए मांगने जैसी लगभग 3 हजार से ज्यादा शिकायतें शामिल हैं। इसके अतिरिक्त पटरी पार, नो पार्किंग और बगैर प्लेटफार्म टिकट आदि प्रकरणों में पकड़े गए आरोपियों से रेलवे ने करीब 10 लाख 83 हजार रुपए का जुर्माना भी वसूला जा चुका है। इनमें से 95 फीसदी के लगभग मामलों का निराकरण कर दिया गया है। बता दें कि ट्रेनों में फेरी लगाकर सामान बेचने वालों की अधिक शिकायतें होने से विभाग ने इसके लिए स्पेशल टीम लगा रखी है। इसके अलावा चोरी को रोकने के लिए भी आरपीएफ की स्पेशल टीम अलग से काम कर रही है। टीम द्वारा विशेषकर उज्जैन से शाजापुर और वहां से भोपाल स्टेशन तक सभी प्रकार की वारदातों पर सतत् निगरानी रखी जा रही हैं।
भस्म आरती में रूप चौदस पर महाकाल को लगेगा उबटन
उज्जैन। रूप चौदस (नरक चतुर्दशी) का पर्व 7 और 8 नवंबर, दो दिन मनाया जाएगा। उज्जैन के महाकाल मंदिर में रूप चौदस और दिवाली एक ही दिन मनाई जाएगी। रविवार को तड़के 4 बजे भस्म आरती के दौरान पुजारी परिवार की महिलाएं भगवान महाकाल को सुगंधित उबटन लगाकर विशेष पूजन करेंगी। इसके बाद मंदिर के गर्भगृह में पुजारी फुलझडिय़ां जलाकर दिवाली मनाएंगे। भस्म आरती में भगवान महाकाल को पंचामृत स्नान कराने के बाद केसर, चंदन, इत्र, खस और सफेद तिल से तैयार उबटन लगाया जाएगा।