बांदा। उत्तर प्रदेश के बांदा (Banda) में परिजनों की डांट से नाराज 17 वर्षीय किशोरी घर छोड़कर चली गई और केन नदी के किनारे लगे हाईटेंशन बिजली टावर (High-tension electricity tower) पर चढ़ गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे सुरक्षित नीचे उतार लिया। बाद में किशोरी की काउंसलिंग कराकर उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया।
मामला मटौंध थाना क्षेत्र का है। जानकारी के अनुसार, किशोरी घर में किसी लड़के से फोन पर बात कर रही थी। इस बात को लेकर परिजनों ने उसे डांटा और फोन पर बात करने से मना किया। इससे नाराज होकर वह घर से निकल गई।
किशोरी के लापता होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने तत्काल गुमशुदगी का मामला दर्ज कर उसकी तलाश के लिए दो टीमें गठित कीं। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि केन नदी के किनारे एक लड़की हाईटेंशन बिजली टावर पर चढ़ गई है।
बाद में किशोरी को थाने ले जाकर उसकी काउंसलिंग की गई और परिजनों को सौंप दिया गया।
बांदा के डिप्टी एसपी सिटी सौरभ सिंह ने बताया कि मटौंध थाना क्षेत्र से 17 वर्षीय किशोरी के लापता होने की सूचना मिली थी। पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर दो टीमें उसकी तलाश में लगाई थीं। बाद में उसके हाईटेंशन ट्रांसमिशन टावर पर चढ़ने की जानकारी मिली। पुलिस ने उसे समझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया है। मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल किशोरी सुरक्षित है और परिजनों के सुपुर्द कर दी गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved