
इंदौर। इंदौर के आजाद नगर थाना क्षेत्र में अंधविश्वास का झांसा देकर ठगी का मामला सामने आया है। मुसाखेड़ी इलाके में दो युवकों ने एक महिला को घर के संकट दूर करने का भरोसा दिलाया और उसे मंदिर ले गए। यहां युवकों ने मंदिर में प्रवेश से पहले सोने के जेवर उतारकर रखने की बात कही। महिला ने भरोसा कर अपना मंगलसूत्र और बालियां उन्हें सौंप दीं। इसके बाद जैसे ही महिला मंदिर के अंदर गई, दोनों युवक जेवर लेकर मौके से फरार हो गए। मामले में पुलिस ने महिला का आवेदन लेकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
दरअसल, घटना कल सुबह मुसाखेड़ी इलाके की है। महिला अपने रास्ते जा रही थी, तभी दो युवक उसके पास पहुंचे और बातचीत शुरू कर दी। युवकों ने महिला से कहा कि उसके घर में जो भी परेशानियां और कष्ट हैं, वे दूर हो जाएंगे। इसके लिए उन्होंने महिला को शंकर भगवान के मंदिर चलने और वहां कंकर फेंककर आने की सलाह दी। महिला युवकों के झांसे में आ गई और उनके साथ मंदिर पहुंच गई। मंदिर में प्रवेश से पहले आरोपियों ने कहा कि सोने-चांदी के जेवर और मंगलसूत्र पहनकर मंदिर में नहीं जाते, इसलिए महिला अपने आभूषण उन्हें दे दे। उनकी बातों में आकर महिला ने अपनी बालियां और मंगलसूत्र पोटली में बांधकर उन्हें सौंप दिए। महिला जब मंदिर के अंदर से वापस लौटी, तो दोनों युवक गायब मिले। घटना के बाद पीड़िता ने आजाद नगर थाने में लिखित आवेदन दिया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved