
गाजियाबाद। उत्तर प्रदेश (Uttar Pradesh) के गाजियाबाद (Ghaziabad) में शुक्रवार रात वसुंधरा पुलिस चौकी (Vasundhara Police Outpost) में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि चौकी के दो शीशे टूट गए और दीवार में भी हल्की दरार आ गई। घटना में एक डिलीवरी ब्वॉय कांच की चपेट में आने से घायल हो गया। फिलहाल धमाके की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
घटना इंदिरापुरम थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली वसुंधरा पुलिस चौकी की है। जानकारी के मुताबिक, रात करीब 9 बजे चौकी के पीछे धमाका हुआ। इस स्थान पर कबाड़ वाहन पार्क किए जाते हैं। घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर मौजूद थे। इसी दौरान एक डिलीवरी ब्वॉय भी सामान पहुंचाने के लिए वहां आया हुआ था। धमाका होते ही चौकी के शीशे टूटकर आसपास बिखर गए। कांच की चपेट में आने से डिलीवरी ब्वॉय घायल हो गया। धमाके की आवाज से इलाके में भी हलचल मच गई।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर वहां से साक्ष्य और नमूने एकत्र किए। इन्हें जांच के लिए आगरा भेजा गया है, ताकि धमाके की वजह का पता लगाया जा सके।
जांच के बाद ही स्पष्ट होगी धमाके की वजह
इंदिरापुरम के एसीपी सूर्यबली मौर्या ने बताया कि धमाका किस चीज से हुआ, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved