
कोलकाता। पश्चिम बंगाल (West Bengal) में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भाजपा (BJP) के बीच राजनीतिक तनाव एक बार फिर सामने आया है। शुक्रवार आधी रात TMC सांसद अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) के आवास के बाहर दोनों दलों के समर्थकों के बीच हंगामे और टकराव की खबर है। TMC की ओर से आरोप लगाया गया कि भाजपा समर्थकों ने अभिषेक बनर्जी के घर पर पत्थरबाजी की।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को शांत कराने की कोशिश की। इस दौरान अभिषेक बनर्जी और पुलिस अधिकारियों के बीच तीखी बहस भी हुई। इसके बाद सांसद कुछ देर के लिए अपने आवास के बाहर धरने पर बैठ गए।
अभिषेक ने सोशल मीडिया पर लगाया हमला और फायरिंग का आरोप
अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया कि सुबह करीब 2 बजे उनके आवास पर हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोगों ने उनके घर को निशाना बनाया और यह सब कोलकाता पुलिस की मौजूदगी में हुआ। सांसद ने पत्थरबाजी के साथ फायरिंग किए जाने का भी आरोप लगाया है।
अपनी पोस्ट में उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट पर भी सवाल उठाते हुए तंज कसा। अभिषेक ने कहा कि दोनों अदालतें इस मामले में मूकदर्शक बनी हुई हैं। उन्होंने घटना से जुड़े वीडियो जल्द सार्वजनिक करने की बात भी कही।
एक दिन पहले घर और दफ्तर की रेकी का किया था दावा
आवास के बाहर हुए हंगामे से एक दिन पहले भी अभिषेक बनर्जी ने अपने घर और दफ्तर के आसपास संदिग्ध लोगों की गतिविधियों को लेकर सवाल उठाए थे। उन्होंने 6 नवंबर को X पर पोस्ट कर दावा किया था कि पिछले दो दिनों से कुछ अज्ञात लोग मोटरसाइकिल पर सवार होकर उनके घर और कार्यालय की रेकी कर रहे थे।
अभिषेक के मुताबिक, जब इन लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने खुद को पुलिसकर्मी बताया। सांसद ने मोटरसाइकिल का रजिस्ट्रेशन नंबर भी सोशल मीडिया पर साझा किया था। उन्होंने सवाल उठाया था कि राज्य पुलिस एक निर्वाचित सांसद के घर और दफ्तर की निगरानी क्यों कर रही है। साथ ही पूछा था कि इस गतिविधि की अनुमति किसने दी और इसके पीछे क्या उद्देश्य था।
After I released the recce video this morning, my house was attacked just now, at 2 AM by BJP goons, right under the watch of the Kolkata police.
Thank you, Calcutta High Court and the Supreme Court of India for remaining mute spectators while all this unfolds.
I will upload… https://t.co/e0WHDUUI3W
— Abhishek Banerjee (@abhishekaitc) November 6, 2026
लोकसभा स्पीकर और गृह मंत्रालय से जांच की मांग
अभिषेक बनर्जी ने इस मामले में लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, केंद्रीय गृह मंत्रालय, कोलकाता पुलिस और पश्चिम बंगाल पुलिस का ध्यान आकर्षित किया था। उन्होंने संदिग्ध लोगों की पहचान करने और यह पता लगाने की मांग की थी कि उन्हें किसने भेजा था तथा वे किसके निर्देश पर काम कर रहे थे।
लगातार दो दिनों में सामने आए इन घटनाक्रमों ने पश्चिम बंगाल में भाजपा और TMC के बीच राजनीतिक खींचतान को फिर सुर्खियों में ला दिया है। हालांकि, अभिषेक बनर्जी की ओर से लगाए गए हमले और फायरिंग के आरोपों की पुलिस की ओर से पुष्टि नहीं हुई है।
दिलीप घोष बोले- अभिषेक बनर्जी को मारने का वक्त किसके पास है?
इस पूरे मामले पर पश्चिम बंगाल के न्यू टाउन में मंत्री दिलीप घोष ने भी प्रतिक्रिया दी। अभिषेक बनर्जी के घर पर हमले के दावे पर उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार किसी नेता का जन्मदिन फुटपाथ पर मनाते देखा है। उन्होंने कहा कि अगर कोई हंगामा करता है तो उसका जवाब भी मिलता है।
दिलीप घोष ने सवाल उठाया कि अभिषेक बनर्जी को मारने का वक्त किसके पास है? उन्होंने आरोप लगाया कि TMC के पास अब कहने और करने के लिए कुछ नहीं बचा है, इसलिए लोगों को गुमराह करने के लिए इस मुद्दे को उठाया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved