
सत्येन चतुर्वेदी ने खुद सोशल मीडिया के जरिए इस बात की जानकारी दी है। उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट साझा करते हुए बताया कि उन्होंने फिल्म के लिए सुमंत्र की भूमिका निभाई थी लेकिन शूट किए गए उनके दृश्य अंतिम फिल्म का हिस्सा नहीं बन पाए। अभिनेता ने अपने पोस्ट में लिखा कि एक कलाकार जितने भी दृश्य शूट करता है जरूरी नहीं कि वे सभी अंतिम स्क्रीन तक पहुंचें। यह फिल्म निर्माण की प्रक्रिया और कलाकारों के सफर का हिस्सा है। नितेश तिवारी के निर्देशन और नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन में बनी रामायण में उनके किरदार को एडिट कर दिया गया है।
हालांकि फिल्म से अपना पूरा रोल कटने के बावजूद सत्येन चतुर्वेदी निराश नजर नहीं आए। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि भारतीय महाकाव्य के एक महत्वपूर्ण पात्र के लिए उनका चयन होना और इतनी बड़े स्तर की फिल्म का हिस्सा बनना उनके लिए बेहद शानदार अनुभव रहा। उन्होंने कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा का भी आभार जताया जिन्होंने उन्हें इस फिल्म में काम करने का अवसर दिया। अभिनेता के मुताबिक भले ही उनके शूट किए गए दृश्य दर्शकों तक नहीं पहुंच पाए लेकिन इस फिल्म से जुड़ी यादें और अनुभव हमेशा उनके साथ रहेंगे।
अब सवाल यह है कि आखिर रामायण में सुमंत्र का किरदार इतना महत्वपूर्ण क्यों माना जाता है। दरअसल रामायण की कथा में सुमंत्र राजा दशरथ के आठ प्रमुख मंत्रियों में से एक थे। वह अयोध्या के राजदरबार में महत्वपूर्ण स्थान रखते थे और महाराज दशरथ के विश्वसनीय सलाहकार माने जाते थे। भगवान राम के वनवास प्रसंग में भी सुमंत्र की अहम भूमिका रही है। वह राम और सीता को वन की ओर लेकर जाने वाले रथ के सारथी बने थे। ऐसे में दर्शकों के लिए यह जानना दिलचस्प है कि इतने महत्वपूर्ण पात्र को फिल्म के अंतिम संस्करण में जगह क्यों नहीं मिल पाई।
फिल्म की सफलता की बात करें तो रिलीज के शुरुआती दो दिनों में ही रामायण ने 100 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई कर ली है। फिल्म में रणबीर कपूर और यश के अलावा साई पल्लवी रवि दुबे लारा दत्ता अरुण गोविल और शीबा चड्ढा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आ रहे हैं। इसके अलावा दिलजीत दोसांझ की आवाज में सुनाई देने वाली हनुमान चालीसा भी दर्शकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
फिल्म का संगीत ऑस्कर विजेता संगीतकार एआर रहमान और हांस जिमर ने तैयार किया है। रामायण का पहला पार्ट रिलीज हो चुका है जबकि दूसरे पार्ट के लिए दर्शकों को साल 2028 तक इंतजार करना होगा। अब देखना होगा कि अगले पार्ट में कहानी को किस तरह आगे बढ़ाया जाता है और क्या सुमंत्र जैसे महत्वपूर्ण किरदार को उसमें जगह मिलती है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved