
बागडोगरा । रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (Defence Minister Rajnath Singh) ने कहा कि हमारे एयर वॉरियर का शौर्य, साहस और समर्पण (Valour, Courage and Dedication of our Air Warriors) अद्भुत है (Are Remarkable) ।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बागडोगरा एयरफील्ड पर भारतीय वायुसेना के एयर वॉरियर्स से मुलाकात की और उनसे बातचीत की। इस दौरान उन्होंने जवानों के शौर्य, साहस और समर्पण की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा, “मैं आपसे केवल औपचारिक बातें करने नहीं आया हूं, बल्कि दिल की बातें करने आया हूं। हमारे एयर वॉरियर का शौर्य, साहस और समर्पण अद्भुत है। हमारे एयर वॉरियर हर चुनौती के लिए हमेशा तैयार रहते हैं। आपका यह समर्पण ही हमारी सबसे बड़ी ताकत है।” राजनाथ सिंह ने कहा कि बागडोगरा का यह क्षेत्र भारत की सुरक्षा व्यवस्था में एक विशिष्ट और महत्वपूर्ण स्थान रखता है। रणनीतिक दृष्टि से भी यह क्षेत्र अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा, “यहां पर आपकी तैनाती का सीधा अर्थ है कि आप पूर्वी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए मजबूत कवच के रूप में कार्य कर रहे हैं।”
रक्षा मंत्री ने कहा कि आजकल सुरक्षा परिदृश्य बहुत बदल गया है, बड़ा कॉम्प्लेक्स हो चुका है। युद्ध अब केवल सीमा पर होने वाली गोलीबारी तक ही सीमित नहीं रह गया है। अब यह बहुत विस्तृत हो गया है। उन्होंने कहा, “इसमें प्रॉक्सी वॉर, साइबर अटैक सहित नैरेटिव मैनेजमेंट तक शामिल हैं। दुश्मन कई बार सीधे टकराव से बचता है। हमारी कमजोरियों को भुनाने का प्रयास करता है। दुश्मन सोशल मीडिया के माध्यम से भ्रामक सूचना फैलाकर स्थानीय जनता और सैनिकों के मन में संदेह पैदा करने का प्रयास करता है।” ऐसी स्थिति में आपकी भूमिका केवल एक साधारण सैनिक की नहीं रह जाती बल्कि आपको सिविल अवेयरनेस, साइबर रेजिलिएंस को एक साथ बनाए रखना होता है। उन्होंने कहा, “आपकी सतर्कता और विवेक के माध्यम से ही हम दुश्मन के हर मंसूबे को विफल कर सकते हैं। टेक्नोलॉजी चाहे कितनी आधुनिक क्यों न हो, अगर जवानों के अंदर अनुशासन और साहस नहीं है, तो टेक्नोलॉजी अपने आप में बेकार है।”
उन्होंने कहा कि हमारी सेनाएं अनुशासन के लिए जानी जाती हैं। केवल भारत में ही नहीं बल्कि दुनिया के कई देशों में भी जब वहां के सैन्य अधिकारियों से भेंट हुई है, तो वे आपके अनुशासन की सराहना करते हैं। राजनाध सिंह ने कहा, “अनुशासन ही आपको एक साधारण सैनिक से एक असाधारण योद्धा में बदलता है। आपका अनुशासन ही आपकी सबसे बड़ी ताकत है। आप स्थानीय लोगों के साथ जितना जुड़ेंगे, उतना ही दुश्मन की साजिशें नाकाम होंगी।” राजनाथ सिंह ने कहा कि आज हमारा देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। आज हमारे यहां एंटी ड्रोन सिस्टम भी बन रहा है। सैनिकों के लिए बेहतर सामान भी तैयार हो रहा है। उन्होंने कहा, “हमें गर्व है कि हमारे जवान भारत में बनी टेक्नोलॉजी को अपनाने में बढ़-चढ़कर अपना योगदान दे रहे हैं। ये बदलाव हमें भविष्य के लिए तैयार करेंगे। आने वाले समय में हमें अपनी सेनाओं को और अधिक टेक्नोलॉजी ड्रिवेन बनाना है।”
उन्होंने कहा कि आपकी टीम में पूरा देश है। देश का एक-एक नागरिक है। आपको इस बात का भरोसा हमेशा रखना चाहिए। उन्होंने नए एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित को बधाई देते हुए बताया कि उनके एयर चीफ मार्शल की कमान संभालने के बाद यह बड़ा कार्यक्रम है। उन्होंने आशुतोष का मतलब बताते हुए कहा कि आशुतोष का मतलब भगवान शिव होता है, शिव सरल स्वभाव के हैं और रौद्र रूप भी धारण करते हैं, तो दुश्मनों की सलामती इसी में है कि उन्हें एयर चीफ मार्शल आशुतोष दीक्षित का रौद्र रूप न देखना पड़े।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved