
इंदौर। इंदौर में साइबर ठगी का शिकार हुए 76 वर्षीय सेवानिवृत्त शासकीय कर्मचारी को क्राइम ब्रांच ने बड़ी राहत दिलाई है। बुजुर्ग को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र बनवाने का झांसा देकर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 2 लाख रुपये निकाल लिए थे। शिकायत मिलते ही क्राइम ब्रांच की साइबर फ्रॉड इन्वेस्टिगेशन टीम सक्रिय हुई और महज 24 घंटे से कम समय में पूरी रकम वापस कराने में सफलता हासिल की। खास बात यह रही कि ठगों ने इस रकम से अमेजन इंडिया के जरिए पश्चिम बंगाल में सामान ऑर्डर किया था, जिसे डिलीवरी से पहले ही कैंसल कराकर पैसे रिफंड करा लिए गए।
दरअसल, इंदौर निवासी 76 वर्षीय सेवानिवृत्त शिक्षा विभाग के कर्मचारी को फेसबुक पर जीवन प्रमाण पत्र घर बैठे बनवाने का विज्ञापन दिखाई दिया था। विज्ञापन पर क्लिक करने के बाद ठगों ने उन्हें एक लिंक भेजी और बैंक संबंधी जानकारी भरने के लिए कहा। लिंक पर जानकारी दर्ज करते ही उनके खाते से 2 लाख रुपये ट्रांसफर हो गए। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल साइबर ठगी की शिकायत दर्ज कराई। क्राइम ब्रांच ने शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम से खरीदे गए सामान की डिलीवरी रुकवाई और ऑर्डर कैंसल कराकर पूरी राशि वापस कराई। वही पुलिस ने आमजन से अपील की है कि अनजान लिंक पर क्लिक न करें, बैंकिंग जानकारी और ओटीपी किसी से साझा न करें। पेंशन और जीवन प्रमाण पत्र जैसी सरकारी सेवाओं के लिए केवल आधिकारिक वेबसाइट या संबंधित विभाग से ही संपर्क करें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved