जयपुर। राजस्थान की राजधानी जयपुर में कोर्ट (Court in Jaipur) परिसर के बाहर पेशी के लिए पहुंचे एक मौलाना (Maulana) की गुस्साए लोगों ने जमकर पिटाई कर दी। मौलाना पर मदरसे में पढ़ने आने वाली 18 वर्षीय छात्रा को अपने प्रभाव में लेकर उससे निकाह करने का आरोप है। बताया जा रहा है कि मौलाना पहले से शादीशुदा है और तीन बच्चों का पिता है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
मामला जयसिंहपुरा खोर थाना क्षेत्र के नाई की थड़ी स्थित एक मदरसे से जुड़ा है। पुलिस के मुताबिक, मदरसे में पढ़ाने वाले मौलाना पर आरोप है कि उसने वहां पढ़ने आने वाली 18 वर्षीय छात्रा को प्रभावित कर उससे निकाह कर लिया। यह भी आरोप है कि वह मदरसे में आने वाली अन्य लड़कियों को भी अपने प्रभाव में लेने की कोशिश करता था।
मौलाना और छात्रा के निकाह की जानकारी मिलने पर परिजनों ने पुलिस से शिकायत की थी। इसके बाद इलाके में भी नाराजगी फैल गई। शनिवार को बड़ी संख्या में स्थानीय लोग विरोध जताने जयसिंहपुरा खोर थाने पहुंच गए। बढ़ते विरोध को देखते हुए पुलिस ने मौलाना को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस मौलाना को पेशी के लिए अदालत लेकर पहुंची थी। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उसे जेल भेजने के आदेश दिए। इसके बाद जैसे ही मौलाना कोर्ट परिसर से बाहर निकला, वहां मौजूद लोगों ने उसे घेर लिया और लात-घूंसों से पिटाई शुरू कर दी। अचानक हुई मारपीट से परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
फिलहाल घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा में है। पुलिस मामले से जुड़े आरोपों और घटनाक्रम की जांच कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved