img-fluid

विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए बाबा केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट

November 11, 2026


रुद्रप्रयाग/उत्तरकाशी । विधि-विधान के साथ (In accordance with Prescribed Rituals) शीतकाल के लिए (For Winter Season) बाबा केदारनाथ और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद कर दिए गए (Portals of Baba Kedarnath and Yamunotri Dham have been Closed) ।

  • विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट बुधवार सुबह 8 बजकर 30 मिनट पर वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। कपाट बंद होने के साक्षी बनने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु धाम पहुंचे। इस दौरान बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली को विदा करने के लिए भारतीय सेना का बैंड भी मौजूद रहा। इससे पहले, केदारनाथ धाम में इस यात्रा वर्ष की अंतिम संध्याकालीन आरती श्रद्धा और भक्ति के साथ संपन्न हुई। आरती के बाद भारतीय सेना के बैंड ने मधुर धुनों से पूरे धाम को भक्तिमय बना दिया। मुख्य पुजारी ने श्रद्धालुओं के माथे पर आरती की पवित्र भस्म लगाकर उन्हें आशीर्वाद दिया। बाबा के जयकारों से पूरी केदारपुरी गुंजायमान हो उठी। इस वर्ष बाबा केदार के दर्शन के लिए रिकॉर्ड संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, इस यात्रा वर्ष में कुल 19 लाख 22 हजार 138 श्रद्धालुओं ने बाबा केदारनाथ के दर्शन किए। कपाट बंद होने के साथ ही इस वर्ष की केदारनाथ यात्रा का समापन हो गया है। अब शीतकाल में बाबा केदार की पूजा-अर्चना परंपरानुसार उनके शीतकालीन गद्दीस्थल ओंकारेश्वर मंदिर, ऊखीमठ में संपन्न होगी।

    बाबा केदार की पंचमुखी उत्सव डोली अब शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो गई है। श्रद्धालुओं ने नम आंखों से बाबा को विदाई दी और अगले यात्रा वर्ष में पुनः दर्शन करने की कामना की। डोली को ऊखीमठ स्थित ओंकारेश्वर मंदिर ले जाया गया। सदियों पुरानी परंपरा के अनुसार, अगले छह महीनों तक भगवान की पूजा वहीं की जाएगी। इस बीच, चार धाम यात्रा भी इस साल अपने समापन की ओर है। सर्दियों की शुरुआत के साथ ही अधिक ऊंचाई पर स्थित इन तीर्थस्थलों तक पहुंचना काफी कठिन हो जाता है। श्री गंगोत्री धाम के कपाट 10 नवंबर को बंद हो गए, जबकि श्री बद्रीनाथ धाम के कपाट 13 नवंबर को बंद होंगे। इसके साथ ही इस सीजन की वार्षिक चार धाम यात्रा संपन्न होगी।


    आस्था, श्रद्धा और परंपरा के अद्भुत संगम के बीच विश्वप्रसिद्ध यमुनोत्री धाम की इस वर्ष की यात्रा का समापन हो गया। भैयादूज के पावन पर्व पर वैदिक मंत्रोच्चार और श्रद्धालुओं के जयकारों के बीच यमुनोत्री धाम के कपाट आगामी छह माह के शीतकाल के लिए विधि-विधान के साथ बंद कर दिए गए। इस वर्ष 8 लाख 84 हजार 742 श्रद्धालुओं ने मां यमुना के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। कपाट बंद होने के साथ ही मां यमुना की उत्सव डोली पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ उनके शीतकालीन प्रवास खरसाली (मुखीमठ) के लिए रवाना हुई।

    कपाट बंद होने के अवसर पर यमुनोत्री धाम में सुबह से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही और धार्मिक गतिविधियां जारी रहीं। मंदिर परिसर में विशेष पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान संपन्न कराए गए। निर्धारित धार्मिक परंपराओं के अनुसार मां यमुना की उत्सव डोली को सजाया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने मां यमुना के अंतिम दर्शन कर सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। मंदिर के कपाट बंद होने के क्षणों में पूरा धाम मां यमुना के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।

    कपाट बंद होने के बाद मां यमुना की उत्सव डोली श्रद्धालुओं की मौजूदगी में शीतकालीन प्रवास के लिए खरसाली रवाना हुई। खरसाली स्थित मुखीमठ में आगामी छह माह तक मां यमुना की पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठान विधि-विधान से संपन्न होंगे। शीतकाल के दौरान श्रद्धालु यमुनोत्री धाम के बजाय खरसाली पहुंचकर मां यमुना के दर्शन कर सकेंगे। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार खरसाली को मां यमुना का शीतकालीन प्रवास स्थल माना जाता है।

    Share:

  • स्वच्छ सर्वेक्षण में एमपी का जलवा, 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में जबलपुर दूसरे नंबर पर, देवास-रीवा भी छाए

    Wed Nov 11 , 2026
    इंदौर। नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आज आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के राष्ट्रीय पुरस्कार समारोह में मध्यप्रदेश का दबदबा देखने को मिला। प्रदेश के नौ नगरीय निकायों ने अलग-अलग श्रेणियों में राष्ट्रीय सम्मान हासिल कर स्वच्छता के क्षेत्र में अपनी उपलब्धि दर्ज कराई। 10 लाख से अधिक की आबादी वाले शहरों की श्रेणी में […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved