img-fluid

सोनिया गांधी की किताब में रेहान वाड्रा और मंगेतर अवीवा का खास योगदान, एक फ्रेम में दिखीं दो पीढ़ियां

November 13, 2026

नई दिल्ली। कांग्रेस की वरिष्ठ नेता और पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी की बहुचर्चित किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ इन दिनों चर्चा में है। इस संस्मरण में सोनिया गांधी ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के साथ अपनी प्रेम कहानी, भारत में शुरुआती अनुभवों, निजी त्रासदियों, गांधी परिवार के जीवन और राजनीति में अपने प्रवेश से जुड़े कई अनकहे पहलुओं को साझा किया है। हालांकि, किताब की राजनीतिक और ऐतिहासिक चर्चाओं के बीच एक खास पारिवारिक जुड़ाव भी सामने आया है। इसमें सोनिया गांधी के पोते रेहान वाड्रा और उनकी मंगेतर अवीवा बेग का विशेष योगदान है।



  • दरअसल, किताब के पिछले कवर पर प्रकाशित सोनिया गांधी की रंगीन तस्वीर रेहान वाड्रा और अवीवा बेग ने खींची है। इस तरह किताब के दोनों कवर पर गांधी परिवार की दो पीढ़ियों के फोटोग्राफी से जुड़े खास पल दर्ज हुए हैं।

    फ्रंट कवर पर राजीव गांधी की खींची तस्वीर

    किताब के पिछले कवर पर सोनिया गांधी की एक सौम्य और मुस्कुराती हुई तस्वीर है। इसमें वह पारंपरिक साड़ी पहने, आंखों में काजल और चश्मा लगाए नजर आ रही हैं। उनके सिर पर हेयरबैंड है। एक कलाई पर कलावा और दूसरी पर घड़ी दिखाई दे रही है। यह रंगीन तस्वीर किताब के फ्रंट कवर पर लगी ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर से बिल्कुल अलग है।

    फ्रंट कवर की तस्वीर वर्ष 1966 में इटली के ट्यूरिन शहर में राजीव गांधी ने खींची थी। उस समय सोनिया गांधी महज 20 वर्ष की थीं और गांधी परिवार का हिस्सा नहीं बनी थीं। वहीं, करीब छह दशक बाद दिल्ली में उनके पोते रेहान वाड्रा और उनकी मंगेतर अवीवा बेग ने उनकी तस्वीर खींची। इस तरह दोनों तस्वीरें सोनिया गांधी के जीवन के दो अलग-अलग दौर को सामने लाती हैं।

    कौन हैं रेहान वाड्रा और अवीवा बेग?

    रेहान वाड्रा: रेहान कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा और कारोबारी रॉबर्ट वाड्रा के बेटे हैं। उन्हें बचपन से ही फोटोग्राफी का शौक रहा है। वह पेशेवर विजुअल आर्टिस्ट और फोटोग्राफर हैं। उनकी रुचि वाइल्डलाइफ, स्ट्रीट और कमर्शियल फोटोग्राफी में है। इससे पहले भी वह ‘हार्पर्स बाजार इंडिया’ के लिए सोनिया गांधी का कवर शूट कर चुके हैं।

    अक्टूबर 2026 में दिल्ली के बीकानेर हाउस में आयोजित उनकी फोटो प्रदर्शनी ‘नो आइडिया इज फाइनल’ भी चर्चा में रही थी। प्रदर्शनी शुरू होने से कुछ घंटे पहले उनकी 70 से अधिक तस्वीरों को हटाने या बदलने के लिए कहा गया था। रेहान ने आरोप लगाया था कि आयोजन स्थल ने कुछ तस्वीरों की राजनीतिक प्रकृति पर आपत्ति जताई, जबकि उन्होंने पहले ही प्रदर्शनी का पूरा लेआउट साझा कर दिया था। वहीं, बीकानेर हाउस की ओर से कहा गया था कि कुछ तस्वीरें उसकी प्रदर्शनी नीति के अनुरूप नहीं थीं।

    अवीवा बेग: अवीवा दिल्ली की पेशेवर फोटोग्राफर और क्रिएटिव प्रोफेशनल हैं। वह फोटोग्राफी स्टूडियो और प्रोडक्शन कंपनी ‘एटेलियर 11’ की सह-संस्थापक हैं। उनकी कंपनी विभिन्न ब्रांड, एजेंसियों और स्वतंत्र ग्राहकों के साथ काम करती है। रेहान वाड्रा और अवीवा लंबे समय से एक-दूसरे के साथ रिश्ते में हैं। दोनों ने दिसंबर 2025 में एक निजी समारोह में सगाई की थी।

    सोनिया गांधी की किताब के दोनों कवर की तस्वीरें परिवार की दो पीढ़ियों के बीच एक खास जुड़ाव को दर्शाती हैं। एक तस्वीर में राजीव गांधी ने युवा सोनिया को कैमरे में कैद किया था, तो दूसरी तस्वीर में उनके पोते रेहान और उनकी मंगेतर अवीवा ने जीवन के एक नए पड़ाव पर पहुंच चुकी सोनिया गांधी को अपने कैमरे में उतारा है।

    Share:

  • मुंबई के कोस्टल रोड पर भीषण हादसा, SUV ने 5-6 गाड़ियों को मारी टक्कर, फिर आग का गोला बनी

    Fri Nov 13 , 2026
    मुंबई। मुंबई के कोस्टल रोड (Coastal Road) पर शुक्रवार देर रात करीब तीन बजे भीषण सड़क हादसा (Horrific road accident) हो गया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित SUV ने जाम में फंसी पांच से छह गाड़ियों को एक के बाद एक जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि SUV के बोनट से धुआं निकलने […]
    सम्बंधित ख़बरें
    लेटेस्ट
    खरी-खरी
    का राशिफल
    जीवनशैली
    मनोरंजन
    अभी-अभी
  • Archives

  • ©2026 Agnibaan , All Rights Reserved