
मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में लगातार हलचल हो रही है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के दोनों गुट यानी अजित पवार गुट और शरद पवार गुट के विलय की चर्चा लगातार जारी है। पार्टी के नेता लगातार शरद पवार से मुलाकात भी कर रहे हैं। पिछले सप्ताह सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली एनसीपी के नेता प्रफुल्ल पटेल और पार्थ पवार सहित कई नेताओं की शरद पवार से मुलाकात के बाद विलय की चर्चाओं को और बल मिला है। हालांकि, अब इन अटकलों पर शिवसेना यूबीटी के सांसद संजय राउत ने बड़ा बयान दिया है। संजय राउत ने कहा है कि शरद पवार किसी भी हालत में भाजपा के साथ नहीं जा सकते।
एनसीपी के दोनों गुटों के विलय के मुद्दे पर संजय राउत ने कहा- “मैं बार-बार कह चुका हूं कि विलय की बात अब खत्म हो चुकी है। आप लोग इसे बेवजह इतनी हवा क्यों दे रहे हैं? किसी भी हालत में अजित पवार गुट और शरद पवार साहब की मूल पार्टी का विलय नहीं होगा। शरद पवार साहब किसी भी हालत में बीजेपी के साथ नहीं जा सकते। वे आखिरी सांस तक बीजेपी के साथ नहीं जाएंगे। उनकी विचारधारा बिल्कुल अलग है। उनकी विचारधारा शाहू-फुले-अंबेडकर की विचारधारा है, जो धर्मनिरपेक्षता पर आधारित है।”
एनसीपी के दोनों गुटों के विलय की अटकलों को लेकर संजय राउत ने आगे कहा- “शरद पवार साहब ने पूरी जिंदगी अपनी विचारधारा के साथ राजनीति की है। क्या वे अपने राजनीतिक जीवन के आखिरी दौर में बीजेपी के साथ जाएंगे? ऐसा सोचना भी गंदगी है। आखिर यह राजनीति कौन कर रहा है? बीजेपी कर रही है। बीजेपी ही इस विलय की खबरों को हवा दे रही है।”
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved