
‘इंदौर ट्रैफिक साथी’ पर यातायात पुलिस जनता से मांग रही मदद
इन्दौर। शहर (Indore) में नियम तोड़ने (Breaking the rules) वाले वाहन चालकों पर कार्रवाई के लिए जनता की भागीदारी मांग रही यातायात पुलिस (Traffic Police) ने ऐप का प्रचार-प्रसार इतना कर दिया कि जनता ने ऐप के सिविलियन रिपोर्ट्स फीचर (Civilian Reports Feature) में शिकायतों का ढेर लगा दिया। परसों जहां एक ही दिन में 1400 से ज्यादा नए यूजर्स जुड़े, वहीं कल 120 नागरिकों ने नियम तोड़ने वालों की शिकायत कर दी।
यातायात पुलिस आम जनता के बीच इस ऐप को लोकप्रिय बनाने में लगी है। पुराने ही फीचर को नया बताकर लॉन्च करने के बाद प्रचार-प्रसार हुआ तो पहले दिन 1468 नए यूजर्स जुड़ गए। नागरिकों ने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के फोटो एवं वीडियो के साथ ही यातायात बाधित होने जैसी समस्याओं की सूचना साझा की। कल ही यातायात पुलिस को इस ऐप के इस फीचर के माध्यम से 120 शिकायतें मिलीं, जिनमें बिना हेलमेट वाहन चलाना, रॉन्ग पार्किंग, फैंसी नंबर प्लेट, स्टंटबाजी, मोबाइल फोन का उपयोग जैसी शिकायतें शामिल हैं। मिली शिकायतों में से 68 पर त्वरित कार्रवाई की गई।
अब तक 2,218 शिकायतें
ऐप के शुरू होने से लेकर अब तक इस फीचर के माध्यम से यातायात पुलिस को 2218 शिकायतें मिली हैं, जिनमें से 1,853 का निराकरण किया जा चुका है। 355 शिकायतें अन्य नगरीय क्षेत्रों से संबंधित होने या फोटो, वीडियो क्लीयर नहीं होने के कारण हल नहीं हो पाई हैं। कल भी ऐप से 1,187 नए यूजर्स जुड़े हैं। इसके अलावा वाट्सऐप हेल्पलाइन पर भी कल 21 शिकायतें मिली हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved