
- 2.75 लाख रुपये के लंबित भुगतान के एवज में कमीशन मांगने का कथित वीडियो वायरल
शहडोल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ब्यौहारी दौरे से ठीक पहले नगर परिषद ब्यौहारी की मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) पर कथित कमीशनखोरी के आरोप सामने आने से प्रशासनिक महकमे में हलचल मच गई है। 2 लाख 75 हजार रुपये के लंबित भुगतान के एवज में 10 प्रतिशत कमीशन मांगने के आरोप और इससे जुड़ी बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जिला प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
मामले में कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने अपर कलेक्टर संरोधन सिंह को पूरे प्रकरण की जांच का जिम्मा सौंपा है। कलेक्टर की ओर से जारी सूचना के अनुसार, सोशल मीडिया पर मुख्य नगर पालिका अधिकारी ब्यौहारी के संबंध में प्रकाशित खबरों को संज्ञान में लेकर जांच के निर्देश दिए गए हैं। जांच अधिकारी को प्रकरण से जुड़े तथ्यों की पड़ताल कर निष्कर्ष प्रस्तुत करने की जिम्मेदारी दी गई है। प्रशासन का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों एवं निष्कर्षों के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल आरोपों की आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।