
पनागर। नगर की सड़कें आम नागरिकों की आवाजाही के लिए हैं या फिर दुकानदारों के कारोबार और वाहनों की पार्किंग के लिए? पनागर की बदहाल यातायात व्यवस्था को देखकर यह सवाल अब आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया है। नगर के प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ से लेकर सड़क तक अतिक्रमण का दायरा बढ़ता जा रहा है। दुकानदारों ने अपनी दुकानों का सामान सड़क किनारे तक फैला रखा है, वहीं ऑटो, बस और अन्य वाहन भी सड़क पर ही खड़े रहते हैं। इससे राहगीरों और वाहन चालकों के लिए आवागमन मुश्किल होता जा रहा है।
फुटपाथ पर कब्जा, पैदल चलना भी मुश्किल
नगर के प्रमुख मार्गों पर फुटपाथ अतिक्रमण की चपेट में हैं। दुकानों का सामान और अन्य व्यावसायिक गतिविधियां सड़क तक पहुंच गई हैं। ऐसे में पैदल चलने वालों को मजबूरी में मुख्य सड़क पर चलना पड़ता है, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। दूसरी ओर, सड़क किनारे खड़े ऑटो और बस यातायात की रफ्तार रोक रहे हैं। संकरी होती सड़कों पर वाहनों का दबाव बढऩे से आए दिन जाम और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है।
प्रशासन की कार्रवाई का इंतजार
नगरवासियों का कहना है कि सार्वजनिक सड़कों और फुटपाथों पर अतिक्रमण के कारण आम जनता को रोज परेशानी उठानी पड़ रही है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि प्रमुख मार्गों का निरीक्षण कर अवैध कब्जों को हटाया जाए। साथ ही ऑटो, बसों और अन्य वाहनों के लिए निर्धारित पार्किंग स्थल तय किए जाएं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू हो सके और राहगीरों को सुरक्षित रास्ता मिल सके।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved