
माकड़ोन। प्रदेश में जनविश्वास यात्रा निकालकर जनता के बीच पहुँचने की तैयारी की जा रही है, लेकिन माकड़ोन में इस यात्रा के आगमन से पहले ही प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए है। 13 नवंबर शुक्रवार को माकड़ोन में जनविश्वास यात्रा का आगमन प्रस्तावित है लेकिन स्थानीय स्तर पर न तो यात्रा को लेकर कोई व्यापक प्रचार-प्रसार दिखाई दे रहा है और न ही प्रशासन की ओर से मीडिया को इसकी आधिकारिक जानकारी दी गई है।
ऐसे में सवाल उठ रहा है कि जब यात्रा का उद्देश्य जनता के बीच पहुँचकर विश्वास कायम करना है, तो फिर जनता और मीडिया को ही जानकारी से दूर क्यों रखा जा रहा है? आरोप है कि प्रशासन अपने स्तर पर गुपचुप तरीके से तैयारियाँ कर रहा है। यात्रा जैसे महत्वपूर्ण आयोजन को लेकर स्थानीय नागरिकों, जनप्रतिनिधियों और मीडिया को समय रहते जानकारी नहीं देना प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता है। इस मामले में शहर कांग्रेस अध्यक्ष मनीष शर्मा ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश में आम जनता महंगाई से परेशान है, वहीं उज्जैन जिले और माकड़ोन तहसील में कम बारिश के कारण किसान संकट का सामना कर रहे हैं। किसानों को फसलों के लिए खाद की आवश्यकता है, लेकिन उन्हें समय पर खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। दूसरी ओर फसल बीमा कराने के बावजूद किसान खुद को ठगा महसूस कर रहे हैं। शर्मा ने आरोप लगाया कि उज्जैन जिले को सूखाग्रस्त घोषित किए जाने के बावजूद किसानों को अब तक मुआवजे और बीमा राशि के रूप में अपेक्षित राहत नहीं मिली है। किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से उनकी समस्याओं का प्रभावी समाधान नहीं किया जा रहा है।
जनता के बीच विश्वास की बात, लेकिन समस्याओं पर जवाब कौन देगा?
कांग्रेस अध्यक्ष मनीष शर्मा ने कहा कि एक ओर सरकार जनविश्वास यात्रा के माध्यम से जनता का विश्वास जीतने की बात कर रही है, वहीं दूसरी ओर आमजन महंगाई, किसान खाद की किल्लत और फसल नुकसान की भरपाई जैसी समस्याओं से जूझ रहे हैं। ऐसे हालात में सरकार को यात्रा के प्रचार-प्रसार से आगे बढ़कर जनता की वास्तविक समस्याओं का जवाब देना चाहिए। अब सवाल यह है कि माकड़ोन पहुंचने वाली जनविश्वास यात्रा में जनता की समस्याओं को कितनी प्राथमिकता मिलेगी? क्या प्रशासन यात्रा की जानकारी सार्वजनिक करेगा और क्या सरकार किसानों को खाद, बीमा और मुआवजे के मुद्दे पर कोई ठोस जवाब देगी?
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved