भोपाल। अजनार नदी (Ajnar River) की सफाई को लेकर चर्चा में आए पर्यावरण कार्यकर्ता सुरेंद्र सिंह चौधरी उर्फ बिट्टू चौधरी (Surendra Singh Chaudhary alias Bittu Chaudhary) की लगातार मेहनत अब उनकी सेहत पर भारी पड़ने लगी है। नदी की सफाई के दौरान उन्हें स्किन इंफेक्शन हो गया है। बिट्टू ने खुद सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर अपनी खराब तबीयत की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि लगातार नदी की सफाई करने के कारण उनके हाथों में संक्रमण हो गया। उनकी एक अन्य पोस्ट में वह अस्पताल के बिस्तर पर लेटे नजर आ रहे हैं।
बिट्टू ने सोशल मीडिया पर कुछ वीडियो भी साझा किए हैं, जिनमें वह अजनार नदी की सफाई करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, कुछ लोग नदी में कचरा फेंकते नजर आ रहे हैं। उन्होंने अपनी पोस्ट में सफाई अभियान के दौरान आने वाली परेशानियों और लोगों से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने पर नाराजगी भी जाहिर की है।
बिट्टू ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह लगातार अजनार नदी को साफ करने में जुटे हैं, लेकिन कुछ लोग बार-बार नदी में कचरा डालकर उसे गंदा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि नदी की लगातार सफाई करने के कारण उनकी तबीयत खराब हो जाती है और शरीर में कई तरह के स्किन इंफेक्शन भी हो रहे हैं।
उन्होंने लिखा कि तमाम परेशानियों के बावजूद वह अपने काम से पीछे नहीं हटेंगे। उन्हें विश्वास है कि लोगों की मानसिकता एक दिन जरूर बदलेगी। इसके लिए उन्होंने आम लोगों से सहयोग और समर्थन की अपील की, ताकि शहरों को स्वच्छ बनाया जा सके।
अस्पताल में चढ़ाना पड़ा ग्लूकोज, फिर भी नहीं किया आराम
बिट्टू ने एक अन्य वीडियो में बताया कि लगातार नदी की सफाई करने के कारण उनकी तबीयत बिगड़ गई थी। इसके बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा, जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान ग्लूकोज चढ़ाया। डॉक्टरों ने उन्हें तीन दिन तक आराम करने की सलाह दी थी, लेकिन बिट्टू इसके बावजूद आराम करने के बजाय दोबारा नदी की सफाई के काम में जुट गए।
जनवरी से चला रहे नदी सफाई अभियान
बता दें कि बिट्टू ने इसी साल जनवरी में अजनार नदी के एक अवरुद्ध हिस्से की सफाई का अभियान शुरू किया था। इस दौरान उन्होंने प्लास्टिक, पॉलिथीन, बैग, काई और अन्य कचरे को अपने हाथों से हटाया। सफाई के दौरान वह दस्ताने और जूते पहनने की कोशिश करते रहे, हालांकि कई मौकों पर उन्हें नंगे हाथों से भी कचरा उठाना पड़ा।
उनका यह अभियान लगातार जारी है और सोशल मीडिया पर कई लोग उनके प्रयासों की सराहना कर रहे हैं। हालांकि, नदी में बार-बार कचरा फेंके जाने से उनकी मुश्किलें बढ़ रही हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved