
इंदौर। इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में राहगीरों से अभद्रता और बीचबचाव करने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने वायरल फुटेज के आधार पर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल की गई अर्टिगा कार भी जब्त की गई है।
मामला 15वीं बटालियन मेन गेट के सामने का है। यहां ट्रैफिक सिग्नल पर खड़ी एक कार को पीछे से आ रही अर्टिगा ने टक्कर मार दी थी। इसके बाद कार सवार युवकों और फरियादी के बीच विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि युवकों ने फरियादी के साथ मारपीट की और उसकी पत्नी के साथ अभद्रता की। इस दौरान एक महिला वीडियो बना रही थी। बीचबचाव करने पहुंचे राहगीरों को भी युवकों ने नहीं बख्शा और उनके साथ मारपीट की। मामले में फरियादी ने मल्हारगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस ने घटनास्थल के वायरल वीडियो और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में इस्तेमाल अर्टिगा कार भी जब्त की गई है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved