सिवनी। मध्य प्रदेश के सिवनी में पुलिस (Police in Seoni) की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। यहां एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा (Additional SP Deepak Mishra) का एक सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इसमें वह होटल में ठहरे एक कपल को कथित तौर पर गांजे के मामले में फंसाने की धमकी देते नजर आ रहे हैं। वीडियो 13 नवंबर का बताया जा रहा है। मामला सामने आने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। फिलहाल एसपी कृष्ण लालचंदानी ने टीआई सतीश तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है।
वायरल सीसीटीवी फुटेज बबरिया रोड स्थित एक होटल के रिसेप्शन का बताया जा रहा है। वीडियो में एडिशनल एसपी दीपक मिश्रा के साथ एसडीओपी चंचलेश मरकाम और टीआई सतीश तिवारी भी दिखाई दे रहे हैं। फुटेज में एडिशनल एसपी होटल में मौजूद कपल से अपने परिजनों को फोन कर बुलाने के लिए कहते नजर आते हैं। जब कपल इसके लिए तैयार नहीं होता तो वह कथित तौर पर होटल स्टाफ से कहते हैं कि गांजा लाकर युवक के बैग में रख दो, ताकि उसे मामले में फंसाया जा सके।
इससे पहले शनिवार को इसी होटल का एक अन्य सीसीटीवी वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें टीआई सतीश तिवारी होटल मैनेजर को होटल बंद करा देने की धमकी देते दिखाई दे रहे थे। लगातार दो वीडियो सामने आने के बाद पुलिस अधिकारियों की कार्यप्रणाली और भूमिका पर सवाल उठने लगे हैं।
होटल मालिक ने लगाए पैसों की मांग के आरोप
होटल मालिक संजय सनोडिया ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका दावा है कि घटना से पहले पुलिस की ओर से उनसे पैसों की मांग की गई थी। आरोप है कि इसके बाद वह अपने दोस्त योगेश गढ़वाल बिट्टू के साथ पैसे देने भी पहुंचे थे। हालांकि, मांग के मुताबिक रकम नहीं देने के कारण उन्हें परेशान किया जा रहा है।
फिलहाल वायरल वीडियो और होटल मालिक के आरोपों ने सिवनी पुलिस को कठघरे में खड़ा कर दिया है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष और वायरल फुटेज की जांच के निष्कर्ष सामने आना बाकी हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved