
सागर। झोपड़ी में न टीवी (TV) है, न पंखा (Fan) और न ही बिजली (Electricity) से चलने वाला कोई अन्य उपकरण। परिवार का गुजारा मजदूरी से चलता है और घर में सिर्फ एक बल्ब जलता है। इसके बावजूद बिजली कंपनी ने 75 वर्षीय एक बुजुर्ग (Elderly) को 1 लाख 39 हजार 232 रुपए का बकाया बिजली बिल थमाते हुए वसूली का नोटिस जारी कर दिया है। इतनी बड़ी राशि का नोटिस मिलने के बाद से बुजुर्ग दहशत में है। मंगलवार को वह कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में पहुंचा और कलेक्टर से न्याय की गुहार लगाई।
ग्राम बेहरिया सानी निवासी 75 वर्षीय दुलीचंद ने कलेक्टर को सौंपे शिकायती आवेदन में बताया कि मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के बहेरिया वितरण केंद्र द्वारा उनके नाम पर बिना वैध कनेक्शन के ही बिल और नोटिस भेजे जा रहे हैं। शिकायत के अनुसार, अगस्त 2020 में पहली बार बिना किसी मीटर कनेक्शन के उनके नाम बिल जारी किया गया। इसके बाद 20 दिसंबर 2022 को 4,226 रुपये का नोटिस दिया गया। शिकायत करने के बाद भी समाधान नहीं हुआ और अब 10 सितंबर 2026 को सीधे 1,39,232 रुपये की वसूली का नोटिस थमा दिया गया।
मजदूरी कर जीवनयापन करने वाले बुजुर्ग दुलीचंद ने बताया कि बिजली कंपनी के कर्मचारी घर आकर बिल जमा करने का दबाव बनाते हैं। राशि जमा न करने पर उन्हें जेल भेजने की धमकी दी जा रही है, जिससे वे काफी डरे हुए हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी के कर्मचारियों ने उनकी जानकारी और सहमति के बिना ही झोपड़ी में एक बंद मीटर लगा दिया है। बुजुर्ग ने कलेक्टर से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, फर्जी बिल व नोटिस निरस्त करने और झोपड़ी से मीटर हटवाने की मांग की है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved